जलालाबाद में 59.49 करोड़ से बनेंगी 220 किमी की सड़कें:लापरवाह ठेकेदार होंगे ब्लैकलिस्ट, विधायक बोले- बनेगा बेअदबी पर सख्त कानून




जलालाबाद में गांवों और ढाणियों को जोड़ने वाली लगभग 220 किलोमीटर नई सड़कों का निर्माण किया जाएगा। इन सड़कों पर करीब 59 करोड़ 49 लाख रुपये की लागत आएगी। विधायक गोल्डी कंबोज ने यह जानकारी देते हुए बताया कि ये सड़कें अगले दो से तीन महीनों के भीतर बनकर तैयार हो जाएंगी। उन्होंने निर्माण कार्य में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों पर जुर्माना लगाने और उन्हें ब्लैकलिस्ट करने की चेतावनी भी दी। विधायक कंबोज ने बताया कि जलालाबाद हल्के में 220 किमी लंबी सड़कें बनाई जानी हैं। इनमें प्रत्येक ढाणी, गांव और कस्बे की सड़कें शामिल हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि जलालाबाद हल्के का कोई गांव या ढाणी सड़क से अछूता नहीं रहेगा। इन सड़कों की चौड़ाई 10 फुट होगी, चाहे उनकी लंबाई 2 किमी हो या 10 किलोमीटर। परियोजना पर लगभग 60 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे और काम शुरू हो चुका है। विधायक ने ठेकेदारों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि निर्माण कार्य में लापरवाही पाई गई तो उन पर जुर्माना लगाया जाएगा। बार-बार शिकायतें मिलने पर ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा और सड़कों का निर्माण समय पर पूरा किया जाना चाहिए। कल से विधान सभा का सेशन है, बेअदबी कानून पास होगा विधायक ने यह भी बताया कि कल से विधान सभा का सेशन है। पंजाब सरकार बेअदबी पर कानून बनाने जा रही है और इस संबंध में एक कमेटी का गठन किया गया है, जिसके वे सदस्य हैं। उन्होंने कहा कि इस कमेटी में सभी धर्मों के लोगों को बुलाया गया है और प्रत्येक धार्मिक संस्था के पदाधिकारियों को चिट्ठियां भेजी गई हैं। उन्होंने कहा कि यह पंजाब के इतिहास में बहुत बड़ा दिन होगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *