जहानाबाद में अखिल विश्व गायत्री परिवार की युवा इकाई प्रज्ञा युवा प्रकोष्ठ ने मंडल कारा परिसर में अपना 254वां रविवासरीय साप्ताहिक पौधरोपण कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किया। इस अवसर पर कारा परिसर में विभिन्न प्रकार के छायादार और फलदार पौधे लगाए गए। कार्यक्रम में उपस्थित कारा अधीक्षक अजीत कुमार ने वृक्षों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वृक्ष न केवल पर्यावरण की रक्षा करते हैं, बल्कि मानव जीवन के अस्तित्व के लिए भी अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने बताया कि वृक्ष हमें शुद्ध वायु, छाया, फल और औषधियां प्रदान करते हैं। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधरोपण कर उनकी देखभाल का संकल्प लेना चाहिए। प्रज्ञा युवा प्रकोष्ठ के सदस्यों ने इस दौरान बंदियों को भी वृक्षों की देखभाल के लिए प्रेरित किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। बंदियों ने भी उत्साहपूर्वक इस अभियान में भाग लेते हुए पौधों की सुरक्षा और संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने “एक व्यक्ति – एक वृक्ष” के संकल्प को दोहराया और प्रकृति संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करते रहने का विश्वास व्यक्त किया। इस कार्यक्रम में जेलर भोला प्रसाद शर्मा, असिस्टेंट जेलर सुधीर कुमार, लिपिक सत्येंद्र कुमार सहित प्रज्ञा युवा प्रकोष्ठ के सदस्य—रंगेश कुमार, बचन देव कुमार, कौशल कुमार, धनंजय कुमार, धर्मेंद्र कुमार, परमेंद्र कुमार, पुरुषोत्तम कुमार, विनोद कुमार, संजय शर्मा, शुभम राज, रौनक राज—मौजूद रहे। खैरा नर्सरी के संचालक सुमन जी, कारा प्रशासन के अधिकारी, काराकर्मी और बंदियों की सहभागिता से यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
Source link