पीलीभीत में किशोरी को युवक की धमकी:स्कूल छूटा, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा; तलाश जारी




पीलीभीत जनपद में एक किशोरी को दूसरे समुदाय के युवक द्वारा लगातार परेशान करने का मामला सामने आया है। युवक की धमकियों और अभद्र व्यवहार से डरकर किशोरी ने स्कूल जाना बंद कर दिया है। पुलिस ने पीड़िता की मां की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। घटना कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले की है। किशोरी की मां ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि फैयाज हाफिज अहमद नामक युवक उनकी बेटी को काफी समय से फोन पर परेशान कर रहा है। आरोप है कि फैयाज लगातार फोन कर किशोरी के साथ गाली-गलौज करता है और अभद्र भाषा का प्रयोग करता है। युवक की इन हरकतों का किशोरी के मानसिक स्वास्थ्य पर गहरा असर पड़ा है। लोक-लाज और अनहोनी के डर से किशोरी इतनी भयभीत है कि उसने अपनी पढ़ाई बीच में ही छोड़ दी है और स्कूल जाने से कतरा रही है। घटना के बाद से केवल किशोरी ही नहीं, बल्कि उसका पूरा परिवार दहशत में है। पीड़िता की मां, जो टेलरिंग की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करती हैं, ने बताया कि आरोपी के खौफ और मानसिक तनाव के कारण वह अपनी दुकान तक नहीं खोल पा रही हैं। आरोपी की दबंगई ने परिवार की सामाजिक और आर्थिक स्थिति को भी प्रभावित किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की है। प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार ने जानकारी दी कि तहरीर के आधार पर आरोपी फैयाज हाफिज अहमद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीमें आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *