सीवान के दुधरा गांव में भीषण आग:1 दुकान-2 घर समेत कई ढांचे जले, 11 लाख से ज्यादा नुकसान, दमकल ने पाया काबू




सीवान के गोरेयाकोठी थाना क्षेत्र के दुधरा गाँव में रविवार को अचानक लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। इस अगलगी की घटना में एक दुकान, दो घर, तीन बथान और एक भुसौल पूरी तरह जलकर राख हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खेत में अचानक आग की लपटें उठनी शुरू हुईं, जो तेज हवा के कारण तेजी से फैलती चली गईं। आग की भयावहता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना महाराजगंज फायर ब्रिगेड और गोरेयाकोठी थाना को दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की एक बड़ी वाटर टैंकर गाड़ी और दो छोटी दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग से जुड़ी 2 तस्वीरें.. सिगरेट पीकर खेत में फेंक देने के कारण आग सुलगी
हालांकि जब तक दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचतीं, तब तक आग अपना व्यापक नुकसान कर चुकी थी। पीड़ित विगु बिन ने अग्निशमन पदाधिकारी, महाराजगंज को दिए आवेदन में बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बीड़ी या सिगरेट पीकर खेत में फेंक देने के कारण आग सुलगी, जो धीरे-धीरे फैलकर भीषण रूप ले ली। हरेंद्र राम का भुसौल भी पूरी तरह जल गया
इस आग की चपेट में सुमन साह की दुकान, विगु बिन और संतोष बिन के घर, असर्फी साह, कुरान साह और तारकेश्वर साह के बथान के साथ-साथ हरेंद्र राम का भुसौल भी पूरी तरह जल गया। पीड़ितों के अनुसार, इस घटना में लगभग 11 लाख रुपये के घरेलू सामान, जिसमें अनाज, फर्नीचर, एक बाइक और मवेशी शामिल हैं, जलकर नष्ट हो गए। इसके अलावा करीब 20 हजार रुपये नकद भी आग की भेंट चढ़ गए। दमकल कर्मियों द्वारा आग पर काबू पा लिया गया
गोरेयाकोठी थाना प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां दमकल कर्मियों द्वारा आग पर काबू पा लिया गया था। उन्होंने बताया कि इस घटना में किसी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन मवेशियों और संपत्ति का भारी नुकसान हुआ है। फिलहाल पीड़ितों द्वारा आवेदन दिया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *