मुजफ्फरपुर बीआरए बिहार विश्वविद्यालय (BRABU) में स्नातकोत्तर (PG) में दाखिले को लेकर अहम निर्णय लिया गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन अब 6 अप्रैल से 11 अप्रैल तक ऑनस्पॉट एडमिशन की प्रक्रिया चलाएगा, जिससे खाली सीटों को भरा जा सके। इस संबंध में विश्वविद्यालय के डीएसडब्ल्यू प्रो. आलोक प्रताप सिंह ने बताया कि कुलपति की स्वीकृति के बाद तय अवधि में ऑनस्पॉट एडमिशन लिया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य पीजी में बची सीटों को जल्द भरना और अधिक से अधिक छात्रों को नामांकन का अवसर देना है। तीन मेरिट लिस्ट जारी कर चुका विश्वविद्यालय विवि की ओर से अब तक पीजी नामांकन के लिए तीन मेरिट लिस्ट जारी की जा चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद सीटें खाली रह गई हैं। शुक्रवार दोपहर तक विश्वविद्यालय के पोर्टल पर केवल 187 छात्रों के नामांकन का ही अपडेट दर्ज हुआ है, जो प्रक्रिया की धीमी गति को दर्शाता है। 11 हजार सीटें, 3 हजार अब भी खाली आंकड़ों के मुताबिक, विश्वविद्यालय में पीजी की कुल करीब 11 हजार सीटें हैं, जिनमें से लगभग 8 हजार छात्रों का दाखिला हो चुका है। इसके बावजूद करीब 3 हजार सीटें अभी भी खाली हैं, जिन्हें भरने के लिए ऑनस्पॉट एडमिशन का सहारा लिया जा रहा है। 25 हजार स्टूडेंट्स ने किया आवेदन गौरतलब है कि नामांकन प्रक्रिया के दौरान विश्वविद्यालय ने दो बार पोर्टल खोला था। दोनों चरणों में मिलाकर करीब 25 हजार छात्रों ने आवेदन किया था। दूसरी बार पोर्टल खुलने पर कई छात्रों ने अपने विषय और कॉलेज में बदलाव भी किया, जिससे सीट आवंटन प्रभावित हुआ। अब ऑनस्पॉट एडमिशन शुरू होने से उन छात्रों को बड़ा मौका मिलेगा, जिनका अब तक नामांकन नहीं हो पाया है। विश्वविद्यालय प्रशासन को भी उम्मीद है कि इस प्रक्रिया से अधिकांश खाली सीटें भर जाएंगी। छात्रों को सलाह दी गई है कि वे निर्धारित तिथि के भीतर संबंधित कॉलेजों में जाकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ ऑनस्पॉट एडमिशन की प्रक्रिया पूरी करें।
Source link