चंडीगढ़ में एक बार फिर इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 स्थित पासपोर्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी मिली है।
चंडीगढ़ में एक बार फिर इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 स्थित पासपोर्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी मिली है, जिसके बाद मौके पर पुलिस टीम थाना-31 प्रभारी इंस्पेक्टर हरिओम शर्मा की अगुवाई में पहुंच गई और पासपोर्ट ऑफिस की जांच शुरू कर दी गई है।
.
करीब एक माह पहले पोस्ट ऑफिस और पासपोर्ट दफ्तर को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। इससे संबंधित ई-मेल पासपोर्ट और पोस्ट ऑफिस की ई-मेल आईडी पर प्राप्त हुई थी।
ई-मेल में 12 जहरीले गैस बम धमाकों की बात कही गई थी।
देर रात ईमेल आई
धमकी भरी ईमेल 1 मार्च 2026 की देर रात 11 बजकर 46 मिनट पर प्राप्त हुई। इसे aarna_ashwinshekhar@outlook.com ईमेल एड्रेस से भेजा गया और ईमेल चंडीगढ़ प्रशासन, पासपोर्ट और पोस्ट ऑफिस की ईमेल पर आई।
ईमेल भेजने वाले ने अपना नाम आरना अश्विन शेखर बताया। इसके सब्जेक्ट में लिखा है- आपके शहर के सभी पासपोर्ट/पोस्ट ऑफिस में 12 जहरीले गैस बम ब्लास्ट होंगे। उदयनिधि ने रेप और छेड़छाड़ की है, चेन्नई पुलिस मेरी एफआईआर दर्ज नहीं कर रही है।
एक माह पहले आई ईमेल।
ईमेल में ये बातें लिखी गईं…
छेड़छाड़ के आरोप: ईमेल में लिखा है- मेरा नाम आरना अश्विन शेखर है। पिछले एक वर्ष से मेरे अपने दादा एसवी शेखर और उदयनिधि ने मेरे साथ छेड़छाड़ की। एक गैर-सरकारी संगठन (NGO) ने हाल ही में चेन्नई की अदालत में मेरा पॉक्सो केस दर्ज कराया है। केस का नंबर- स्पेशल (पॉक्सो) केस नंबर 55/2025 है।
पीएफआई मदद कर रहा: आगे लिखा है- सत्ताधारी पार्टी से संबंध होने के कारण मेरे दादा के प्रभाव से अदालत में मामले में देरी हो रही है। पीएफआई (प्रतिबंधित संगठन) और माओवादी-नक्सली छात्र विंग ने नेता श्रीनिवास बसवराव की विचारधारा के तहत मेरी सुरक्षा और न्याय पाने में मदद की है।
सरकारी शक्ति का दुरपयोग हो रहा: अंत में लिखा है- अपने मामले में न्याय दिलाने और पॉक्सो मामलों में सरकारी शक्ति के दुरुपयोग के खिलाफ चेतावनी देने के लिए हमने यह कदम उठाया है। आपके सभी पोस्ट ऑफिस/पासपोर्ट ऑफिस भवनों को आज उड़ा दिया जाएगा।
पहले भी मिल चुकीं धमकियां
यह पहली बार नहीं है जब चंडीगढ़ में इस तरह की धमकी मिली हो। इससे पहले शहर के स्कूलों को 2 बार बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी हैं। इसी तरह पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट को 3 बार और चंडीगढ़ जिला अदालत को भी 3 बार बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। हालांकि, हर बार जांच के दौरान पुलिस को कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।
पुलिस ईमेल आईपी को ट्रेस कर रही
ताजा मामले में पुलिस ईमेल भेजने वाले की पहचान के लिए साइबर सेल की मदद ले रही है। ईमेल की आईपी को ट्रेस करने के लिए तकनीकी पड़ताल जारी है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल किसी तरह की दहशत फैलाने की जरूरत नहीं है, लेकिन एहतियात के तौर पर सभी संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।