जयपुर में जापानी महिला टूरिस्ट के साथ छेड़छाड़ मामले में पुलिस ने मंगलवार को एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। रामगंज थाना क्षेत्र से आरोपी बाबू का टिब्बा पीएस रामगंज निवासी अमीमुद्दीन उर्फ आमिर (24) को गिरफ्तार किया गया।
.
जयगढ़ किले की पहाड़ी के पास 5 अप्रैल को महिला पर्यटक को अकेले घूमते देख 4 बदमाशों ने छेड़छाड़ की थी।
आमेर थाना प्रभारी गौतम डोटासरा ने बताया- विदेशी महिला पर्यटक की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना 5 अप्रैल को करीब सुबह 8 बजे की है, जब इलाके में आवाजाही कम रहती है। इसी दौरान पांच बदमाशों ने पहले महिला से हाथ मिलाने की कोशिश की। इसके बाद गलत नीयत से उनके साथ अश्लील हरकतें और छेड़छाड़ की। महिला के शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गए।
CCTV देख आरोपी को पकड़ा
पुलिस ने मामले की गंभीरता देखते हुए आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसमें पांच संदिग्ध युवक पहाड़ी से नीचे उतरते नजर आए। फुटेज और पीड़िता की पहचान के आधार पर चिन्हित इलाकों में दबिश दी गई। इसके बाद आरोपी अमीमुद्दीन उर्फ आमिर (24) को गिरफ्तार किया गया। आरोपी मजदूरी करता है।
वहीं गिरफ्तार आरोपी से अन्य 3 आरोपियों की पहचान और उनके ठिकानों के बारे में पूछताछ की जा रही है। पुलिस टीम बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है।
सीसीटीवी फुटेज सामने आया था, जिसमें कुछ संदिग्ध लड़के दिख रहे थे।
पहाड़ी पर अकेला पाकर घेरा, गंदी हरकतें कीं
आमेर थाने के SHO गौतम डोटासरा ने बताया- जापान से राजस्थान घूमने आई महिला पर्यटक 5 अप्रैल को जयगढ़ महल देखने पहुंची थी। वह महल के पास स्थित गणेश मंदिर की ओर जा रही थी, तभी रास्ते में सुनसान जगह देखकर 5 बदमाशों ने उसे रोक लिया। आरोपियों ने विदेशी महिला के साथ अश्लील हरकतें और छेड़छाड़ शुरू कर दी।
पीड़िता ने हिम्मत दिखाते हुए शोर मचाना शुरू किया और वहां से भागकर पास ही तैनात सिक्योरिटी गार्ड के पास पहुंची। विदेशी महिला को बदहवास हालत में देख गार्ड ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। महिला के शोर मचाने और गार्ड को आता देख पांचों बदमाश मौके से फरार हो गए थे।
सीसीटीवी में कैद हुए संदिग्ध
महिला पर्यटक हाल ही जापान से राजस्थान घूमने आई थी। पुलिस को इलाके में एक सीसीटीवी कैमरे में पांच युवक संदिग्ध स्थिति में पहाड़ी से उतरते हुए दिखाई दिए थे। हुलिए के आधार पर स्थानीय बदमाशों और गाइडों के रिकॉर्ड को खंगाला गया।
ये खबरें भी पढ़ें…
जयपुर में विदेशी महिला से छेड़छाड़:जापान से आई थी घूमने, 5 लड़कों ने की गंदी हरकत, CCTV में दिखे आरोपी
जयपुर के आमेर इलाके में जापानी महिला टूरिस्ट के साथ पांच युवकों ने छेड़छाड़ की थी। वह जयगढ़ किले की पहाड़ी पर घूमने गई थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश तेज कर दी थी। (पूरी खबर पढ़ें)
ऑटो ड्राइवर ने विदेशी महिला से बुलवाई गालियां, जर्मनी से जयपुर घूमने आई थी, लौटकर शेयर किया वीडियो; आरोपी गिरफ्तार
जयपुर में ऑटोरिक्शा ड्राइवर ने विदेशी महिला से गालियां बुलवाईं। महिला ने इसका वीडियो बनाया था, जिसे उसने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट कर दिया। पढ़ें पूरी खबर
जयपुर में भीड़ ने सेल्फी के लिए विदेशी महिला को खींचा था, गले में हाथ डाला था
जयपुर में विदेशी महिला से कुछ दिन पहले बदसलूकी का वीडियो सामने आया था। युवकों ने सेल्फी लेने के बहाने महिला के गले में हाथ डालकर अपनी ओर खींचा था। युवकों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया। ब्रह्मपुरी थाना पुलिस इसकी जांच में जुटी थी। जलमहल की पाल पर विदेशी महिला के साथ अभद्रता का यह वीडियो था। (पढ़ें पूरी खबर…)