नितिन कुमार अवस्थी | मिर्जापुर5 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
मिर्जापुर पुलिस की साइबर सेल टीम ने एक महिला को साइबर ठगी से हुए नुकसान की भरपाई कराई है। टीम ने ठगी गई 47,529 रुपए की राशि महिला के बैंक खाते में वापस करा दी। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर की गई।
थाना कछवां क्षेत्र के बाड़ापुर निवासी मिन्नी राय ने 13 जुलाई 2024 को शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि एक अज्ञात व्यक्ति ने व्हाट्सएप पर लिंक भेजकर उनसे एक ऐप इंस्टॉल करवाया। इसके बाद चिकित्सक से अपॉइंटमेंट बुक करने के बहाने उनसे लगभग 50,000 रुपये की साइबर ठगी कर ली गई।
शिकायत मिलने के बाद साइबर सेल ने एनसीआरपी पोर्टल पर मामला दर्ज किया और जांच शुरू की। अपर पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ठगी गई राशि में से 47,529 रुपए पीड़िता के खाते में वापस जमा करा दिए।
राशि वापस मिलने पर पीड़िता ने थाने पहुंचकर मिर्जापुर पुलिस अधिकारियों और साइबर सेल टीम का आभार व्यक्त किया। पुलिस ने उन्हें साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया और भविष्य में सतर्क रहने की सलाह भी दी।
इस कार्रवाई में थाना कछवां के प्रभारी निरीक्षक अमरजीत चौहान, उपनिरीक्षक साहिद यादव और आरक्षी संजीत मौर्य ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी अनजान लिंक या ऐप पर क्लिक करने से बचें। साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर या नजदीकी पुलिस स्टेशन से संपर्क करने की सलाह दी गई है।