बीपीएससी TRE-4 की वैकेंसी जारी नहीं होने से नाराज शिक्षक अभ्यर्थियों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को छात्र नेता दिलीप कुमार के नेतृत्व में हजारों अभ्यर्थियों ने पटना के गर्दनीबाग धरना स्थल पर सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक प्रदर्शन किया।
.
अभ्यर्थियों के समर्थन में छात्र नेता दिलीप कुमार ने टीआरई-4 के विज्ञापन की मांग को लेकर सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक अनशन किया। इस दौरान उन्होंने अन्न और जल दोनों का त्याग किया।
दो साल से वैकेंसी का इंतजार
दिलीप कुमार ने कहा, टीआरई-4 के लाखों अभ्यर्थी पिछले दो वर्षों से वैकेंसी का इंतजार कर रहे हैं। बीपीएससी कैलेंडर के अनुसार 24 अगस्त 2024 को परीक्षा और 24 सितंबर 2024 को रिजल्ट आना था, लेकिन अब तक विज्ञापन भी जारी नहीं हुआ है।
उन्होंने बताया, पिछले एक साल से शिक्षा मंत्री द्वारा बार-बार 10-15 दिनों में वैकेंसी आने की बात कही जाती रही, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
हाथ में पोस्टर लिए छात्र नेता दिलीप।
सरकार और बीपीएससी पर लगाए आरोप
छात्र नेता दिलीप ने कहा कि वर्ष 2025 में मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री ने घोषणा की थी कि 2025 में टीआरई-4 और 2026 में टीआरई-5 की परीक्षा होगी। इसके बावजूद अब तक टीआरई-4 का विज्ञापन जारी नहीं किया गया।
उन्होंने कहा कि बीपीएससी ने फरवरी के दूसरे सप्ताह में नोटिस जारी कर बताया था कि अधियाचना मिल चुकी है और जल्द विज्ञापन आएगा, लेकिन 58 दिन से अधिक समय बीतने के बाद भी कुछ नहीं हुआ।
अभ्यर्थियों को किया जा रहा गुमराह
दिलीप कुमार ने आरोप लगाया कि बार-बार अभ्यर्थियों को गुमराह किया जा रहा है और विज्ञापन के इंतजार में कई अभ्यर्थियों की उम्र सीमा खत्म होती जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा विभाग और बीपीएससी द्वारा लाखों अभ्यर्थियों के साथ अन्याय किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री की छवि धूमिल करने का आरोप
उन्होंने कहा कि एक तरफ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार टीआरई-4 वैकेंसी की बात करते रहे, वहीं दूसरी ओर बीपीएससी अधियाचना मिलने के बावजूद विज्ञापन जारी नहीं कर रही है। इससे मुख्यमंत्री की छवि भी प्रभावित हो रही है। उन्होंने मांग की कि जल्द से जल्द विज्ञापन जारी किया जाए।
छात्रों ने बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है।
बड़े आंदोलन की चेतावनी
छात्र नेता दिलीप कुमार ने चेतावनी दी कि अगर जल्द विज्ञापन जारी नहीं हुआ तो अगली बार लाखों अभ्यर्थी पटना की सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेंगे।
अनशन के दौरान बिगड़ी तबीयत, कई बेहोश
अनशन के दौरान छात्र नेता दिलीप कुमार की तबीयत कुछ समय के लिए बिगड़ गई। वहीं दो महिला और एक पुरुष अभ्यर्थी बेहोश हो गए, जिन्हें गर्दनीबाग अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के बाद उनकी स्थिति सामान्य बताई गई।
शाम के समय जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे, जिन्हें मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री, शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव और बीपीएससी अध्यक्ष के नाम चार अलग-अलग मांग पत्र सौंपे गए।