.
पंजाब की आज की सबसे बड़ी खबर वृंदावन में नाव डूबने से जुड़ी रही। हादसे से पहले के 4 वीडियो सामने आए हैं। जिसमें लोग भजन गाते दिखे। वहीं मौतों का आंकड़ा बढ़कर 13 हो गया है।
दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें।
इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…
1. वृंदावन में नाव डूबने से पहले के 4 VIDEO: युवक ने गाया- नजर सांवरे लग न जाए कहीं
मथुरा के वृंदावन में यमुना नदी में हुए नाव हादसे से पहले के पंजाब के श्रद्धालुओं के 4 वीडियो सामने आए। जिनमें हादसे से ठीक पहले का मंजर साफ दिखाई दे रहा है। जिसमें श्रद्धालु भजन करते दिख रहे हैं। वीडियो में साफ देखा जा सकता है किसी भी श्रद्धालु ने सुरक्षा के लिए लाइफ जैकेट नहीं पहन रखी थी। सभी लोग ‘राधे-राधे’ का जाप करते हुए भजन-कीर्तन कर रहे थे। एक युवक मंजीरा बजाते हुए भजन गा रहा है- नजर सांवरे लग न जाए कहीं…।
रविवार को तीसरे दिन भी रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। सेना, NDRF-SDRF समेत करीब 250 लोगों की टीम ऑपरेशन में लगी हुई है। अब जांच का दायरा 14 किमी से बढ़ाकर 20 किमी कर दिया गया है। अब तक इस हादसे में पंजाब के 13 श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है। 22 लोगों को रेस्क्यू किया गया है। 3 लोग अब भी लापता हैं।
आज सुबह दो और शव मिले। इनकी पहचान पंजाब के दुगरी (लुधियाना) की डिंकी और जगराओं के ऋषभ शर्मा के रूप में हुई। प्रशासन के मुताबिक, शव फूलकर नदी के ऊपर आ गए थे। रस्सी बांधकर शवों को नाव में खींचा गया और बाहर निकाला। परिजनों ने दोनों की पहचान की। डिंकी BA फाइनल ईयर की छात्रा थी। ऋषभ 12वीं पास था। पिता के काम में हाथ बंटाता था। (पढ़ें पूरी खबर)
2. इंस्पेक्टर का पैसे मांगते का VIDEO; सस्पेंड कर बटाला पुलिस लाइन भेजा
गुरदासपुर में बटाला के ट्रैफिक पुलिस इंचार्ज इंस्पेक्टर सतिंदर कुमार का एक वीडियो सामने आया है। जिसमें वह एक कारोबारी से पैसों की डिमांड कर रहे हैं। वीडियो में वह हर महीने 5 हजार रुपए देने की बात कहते सुनाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि 5 हजार रुपए देने के बाद कोई नहीं पूछेगा। वीडियो वायरल होने के बाद ट्रैफिक इंचार्ज को सस्पेंड कर दिया गया है।
डीएसपी टीपी सिंह ने कहा कि सतिंदर को पुलिस लाइन बटाला भेज दिया गया है। उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है। बीती देर शाम पुलिस को इस वीडियो के बारे में पता चला। रात 8 से 9 के बीच पुलिस ने अपने अधिकारिक फेसबुक पेज पर कार्रवाई संबंधी जानकारी दी। कार्रवाई के बाद इंचार्ज ने फोन बंद कर रखा है।
इंस्पेक्टर सतिंदर कुमार को लगभग डेढ़ महीना पहले ही यहां लगाया गया था। ये वीडियो किसने और कब बनाया, इसके बारे में अभी स्पष्ट नहीं है। इससे पहले भी ट्रैफिक इंचार्ज ने एक प्री-वेडिंग के शूट के दौरान अपने साथियों के साथ वीडियो शूट करवाया था। जिसके बाद इंस्पेक्टर सुरिंदर सिंह को लाइन हाजिर किया गया था (पढ़ें पूरी खबर)
3. महिला बोली- लुधियाना पुलिस ने धमकाकर वसूले पैसे: ओवरस्पीड बताकर रोका, चालान काटा
लुधियाना में गाड़ी का चालान काटने पर महिला पुलिस पर भड़क गई। रुचि शर्मा नाम की महिला ने इंस्टाग्राम पर वीडियो डालकर कहा कि पुलिसकर्मियों ने ओवरस्पीड का झूठा डर दिखाकर उनसे 1000 रुपए ले लिए। महिला का दावा है कि उनकी गाड़ी की हालत ऐसी ही नहीं है कि वह 100 की रफ्तार पकड़ सके, फिर भी पुलिस ने उन्हें ओवरस्पीड का चालान भरने पर मजबूर किया। ये कंप्लीट स्कैम है।
महिला ने कहा कि हमारी स्पीड हमेशा 70 से 80 के बीच रहती है लेकिन पुलिस ने हमें रोककर कहा कि आपकी गाड़ी ओवरस्पीड है। यहां नाके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने अपने चेहरे पूरी तरह ढक रखे थे। हमें ये ट्रैप ही लगा। पुलिस वालों ने कहा अगर अभी कैश दोगे तो 1000 लगेंगे, वरना ऑनलाइन चालान काटेंगे तो 3000 रुपए भरने पड़ेंगे।
महिला जम्मू की रहने वाली है। वह शनिवार (11 अप्रैल) को शादी में शामिल होने के लिए लुधियाना आई थी। लाडोवाल टोल प्लाजा के करीब मल्होत्रा रिसोर्ट के पास पुलिस ने उन्हें रोका था। हालांकि जब हमने इस मामले को लेकर ADCP ट्रैफ़िक गुरप्रीत कौर पुरेवाल ने फोन पर बात करने की कोशिश की, तो उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की। (पढ़ें पूरी खबर)
4. प्रियंका चोपड़ा ने गोल्डन टेंपल में माथा टेका: लंगर हॉल में डेढ़ घंटे जूठे बर्तन मांजने की सेवा की
बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा अमृतसर स्थित गोल्डन टेंपल पहुंचीं। यहां उन्होंने दरबार साहिब में माथा टेका। इसके बाद वह लंगर हॉल में गईं, जहां उन्होंने करीब डेढ़ घंटे तक बर्तन धोने की सेवा की। साथ ही लंगर के अन्य कामों में भी सहयोग किया।
प्रियंका चोपड़ा पिछले कुछ दिनों से अमृतसर में अपनी आने वाली फिल्म ‘अमरी’ की शूटिंग कर रही थीं। बीती रात उनकी शूटिंग पूरी हुई और काम खत्म होते ही वह सीधे गोल्डन टेंपल पहुंच गईं। इस दौरान प्रिंयका चोपड़ा ने गोल्डन टेंपल की मर्यादा का खास ख्याल रखा।
वह व्हाइट कलर का शूट पहने नजर आईं। उनका सिर दुपट्टे से ढंका हुआ रहा। प्रिंयका चोपड़ा आम श्रद्धालु की तरह यहां रही। यह 12 दिन के भीतर उनकी दूसरी यात्रा है। इससे पहले वह 31 मार्च को भी यहां आई थीं और उस समय भी उन्होंने लंगर हॉल में सेवा की थी। (पढ़ें पूरी खबर)
5. चलती BMW कार में लगी आग, तेज धमाके हुए
चंडीगढ़ में एयरपोर्ट रोड पर चलती BMW कार में आग लग गई। आग लगने के बाद कार से बम फटने जैसी धमाके की आवाजें आईं। हालांकि, कार ड्राइवर ने तेजी से कार छोड़कर अपनी जान बचा ली। देखते ही देखते कार आग का गोला बन गई।
कुछ ही मिनटों में सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। कार में आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस व फायर ब्रिगेड की टीमें मामले की जांच में जुट गई हैं।
बलौंगी थाने के पीसीआर मुलाजिम ASI सुखविंदर सिंह ने बताया कि उनकी टीम जब तक मौके पर पहुंची, कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई थी। कार की अगली और पिछली नंबर प्लेट जल गई। कार मालिक आग लगने के बाद गाड़ी छोड़ मौके से फरार हो गया था। (पढ़ें पूरी खबर)
6. बठिंडा में बीच सड़क युवक की लाश मिली, हाथ में सिरिंज लगी थी
बठिंडा में संदिग्ध हालत में एक युवक की मौत हो गई। सुबह जब राहगीर रोज की तरह सड़क से गुजर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर एक युवक पर पड़ी, जो सड़क किनारे पड़ा हुआ था। शुरुआत में लोगों को लगा कि वह नशे की हालत में होगा और बेहोश पड़ा है, इसलिए उन्होंने ज्यादा ध्यान नहीं दिया।
लेकिन जब काफी देर तक युवक ने कोई हलचल नहीं की, तो कुछ लोग उसके पास पहुंचे। पास जाकर देखा तो वह युवक बिल्कुल भी प्रतिक्रिया नहीं दे रहा था। इसके बाद लोगों को शक हुआ और ध्यान से देखने पर पता चला कि उसकी मौत हो चुकी है। हाथ में एक सिरिंज लगी हुई थी।
सिविल लाइंस पुलिस थाने के एसएचओ रविंदर सिंह ने बताया कि पुलिस को भी गणेश बस्ती रोड पर शव मिलने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। शुरुआती जांच में शव के पास से ऐसा कोई ठोस सुराग नहीं मिला है, जिससे उसकी पहचान की जा सके। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और शव की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। (पढ़ें पूरी खबर)
7. नवजोत सिद्धू का विरोधियों को जबाव, वीडियो जारी किया, बैकग्राउंड में करन औजला का गाना लगाया
पूर्व क्रिकेटर और नेता नवजोत सिंह सिद्धू एक बार फिर सुर्खियों में हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर अपने विरोधियों को जवाब दिया है। इस वीडियो के बैकग्राउंड में पंजाबी सिंगर करण औजला का गाना “आऊंगा मैदान, गेम छेड़ लैण दे, हजे खेड़दे जुवाक खेड़ लैण दे” लगाया गया है।
गाने के बोलों के जरिए यह संदेश दिया गया है कि कुछ लोग खुद को बड़ा समझने लगे हैं, लेकिन उनकी असलियत कुछ और है। साथ ही यह भी कहा गया है कि जो लोग उन्हें हराने की बात करते हैं, उन्हें चलना भी उन्होंने ही सिखाया है। इन लाइनों के जरिए सिद्धू ने अपने आलोचकों पर निशाना साधा।
वीडियो में आगे गाने के बोल चलते हैं कि विरोधी चाहे कितना भी शोर मचाएं, वह पूरी तरह तैयार हैं और सही समय आने पर मैदान में उतरेंगे। “अभी बच्चे खेल रहे हैं” जैसी लाइन के जरिए उन्होंने यह संकेत दिया कि वह अपने विरोधियों को ज्यादा गंभीरता से नहीं ले रहे और सही वक्त का इंतजार कर रहे हैं। (पढ़ें पूरी खबर)
8. झगड़ा कर पत्नी मायके गई, पति ने सुसाइड किया
लुधियाना के टिब्बा इलाके में न्यू राजू कालोनी में युवक ने अपने ससुराल वालों से परेशान होकर कोई जहरीली पदार्थ निगल कर आत्महत्या कर ली। युवक की 2016 में शादी हुई थी। उसके तीन बच्चे भी हैं। अक्सर पति-और पत्नी में झगड़ा रहता था।
मृतक की पहचान प्रदीप कुमार (36) के नाम से हुई है। मृतक की मां ने कहा कि बहू मोनिका हमेशा लड़ाई करके मायके चली जाता थी। 10 साल में करीब 30 बार वह मायके गई है। बेटे को परेशान ही इतना कर दिया कि उसने सुसाइड कर लिया। प्रदीप को अलग-अलग नंबरों से धमकियां दी जा रही थी।
उन्होंने कहा कि 8 अप्रैल को भी झगड़ा हुआ। इसके बाद मोनिका अपने मायके चली गई। प्रदीप के साथ जमकर गाली-गलौज की और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। जिससे तंग आकर प्रदीप ने शनिवार 10 अप्रैल को जहरीली पदार्थ निगल कर आत्महत्या कर ली। (पढ़ें पूरी खबर)
9. 8वीं की टॉपर्स से मिले CM मान: पेरेंट्स सहित आवास पर बुलाया
पंजाब में 8वीं कक्षा में टॉप करने वाली तीनों छात्राओं से सीएम भगवंत मान ने मुलाकात की है। तीन छात्राओं को उनके परिजनों सहित सीएम आवास पर बतौर मेहमान बुलाया गया। सीएम की पत्नी डॉ. गुरप्रीत कौर भी मौजूद रहीं।
सीएम ने छात्राओं के साथ बातचीत की और उनके अनुभवों को जाना। फिर उन्हें सम्मानित किया गया। सीएम पंजाब का वैसे आज बठिंडा और पठानकोट का दौरा था, लेकिन उससे पहले सीएम ऑफिस की तरफ से इन बच्चों को बुलाया गया। पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (PSEB) के चेयरमैन डॉ. अमरपाल सिंह से लेकर शिक्षा विभाग की सचिव सोनाली गिरी व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
इस दौरान सीएम ने हर बच्चे से उनके तजुर्बे जाने। उनके पैरेंट्स को बधाई दी। सीएम ने स्टूडेंट्स को नसीहत दी कि वे पूरी मेहनत से अपनी पढ़ाई जारी रखें। काम इस तरह करें कि उनका दूसरा विकल्प न बन पाए। करीब आधे घंटे तक यह प्रोग्राम चला। (पढ़ें पूरी खबर)
खबर हटके
10. मैकेनिक बनकर सरकारी घरों से तार काट ले गया चोर, ऑनलाइन सिस्टम में ऑफलाइन दिखाने लगे मकान
चंडीगढ़ के सेक्टर-20 में एक चोर मैकेनिक बनकर सरकारी घरों में घुस गया। उसने 11 मकानों से सोलर पैनल की तारें चुरा लीं। लेकिन लोगों को उस पर कोई शक नहीं हुआ। वहीं तार काट जाने के कारण ऑनलाइन सिस्टम में ये घर ऑफलाइन दिखाने लगे। इसके बाद जब कंपनी का मैकेनिक जांच के लिए मौके पर पहुंचा, तो चोरी का खुलासा हुआ।
जानकारी के अनुसार, चंडीगढ़ के सभी सरकारी मकानों में प्रधानमंत्री सूर्य योजना के तहत सोलर पैनल लगाए गए हैं। यह करीब 3000 मकानों की छत पर लगे हैं। जिनमें एक घर की क्षमता 3 से 6 किलोवाट की होती है। प्रशासन की तरफ से इसे सभी मकानों के लिए अनिवार्य किया गया है और रूटीन की तरह मेंटेनेंस किया जाता है। (पढ़ें पूरी खबर)
(कल शाम साढ़े 5 बजे फिर होगी मुलाकात)