SVU ने कार्यपालक अभियंता उमेश सिंह पर केस दर्ज किया:आय से अधिक संपत्ति का आरोप, ठेकेदारों को अनुचित लाभ पहुंचाने का मामला




SVU ने नगर विकास एवं आवास विभाग के कार्यपालक अभियंता उमेश कुमार सिंह के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है। यह कार्रवाई 09 अप्रैल 2026 को विशेष निगरानी इकाई थाना कांड संख्या-13/2026 के तहत की गई है। SVU के अनुसार, अभियुक्त उमेश कुमार सिंह पर आरोप है कि उन्होंने अपने सरकारी पद का दुरुपयोग किया। उन्होंने ठेकेदारों और विभिन्न एजेंसियों को अनुचित लाभ पहुंचाया और इसके बदले में रिश्वत ली। मेसर्स रिलायबल इन्फ्रा सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधि रिशु श्री सहित अन्य अभिकर्ताओं को लाभ पहुंचाने का मामला सामने आया है। अभियंता पर बिल भुगतान के बदले नियमित रूप से कमीशन लेने का भी आरोप है। पुराने दर्ज मामले की जांच में खुलासा विशेष निगरानी इकाई (SVU) के अपर पुलिस महानिदेशक पंकज कुमार दाराद ने बताया कि यह कार्रवाई पूर्व में दर्ज एक अन्य मामले की जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर की गई है। दरअसल, वर्ष 2025 में रिशु श्री और उनकी कंपनी के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप में एक अलग प्राथमिकी (कांड संख्या-05/2025) दर्ज की गई थी। उस मामले की जांच के दौरान यह खुलासा हुआ कि उमेश कुमार सिंह भी इस पूरे नेटवर्क का हिस्सा थे और ठेकेदारों से अवैध रूप से धन उगाही करते थे। साल 2014 में उमेश कुमार सिंह ने सेवा शुरू की जांच में यह भी सामने आया है कि उमेश कुमार सिंह ने फरवरी 2014 में लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग में अपनी सेवा शुरू की थी। इसके बाद वे समस्तीपुर, आरा और भागलपुर जैसे जिलों में पदस्थापित रहे। आरोप है कि इस दौरान उन्होंने अपने पद का दुरुपयोग कर भारी मात्रा में अवैध संपत्ति अर्जित की। गौरतलब है कि इससे पहले 27 मार्च 2025 को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने उनके आवास पर छापेमारी की थी। इस दौरान करीब 1 करोड़ रुपये नकद बरामद किए गए थे, जिससे उनके खिलाफ संदेह और गहरा गया था। अब SVU द्वारा दर्ज नए मामले में उनकी संपत्ति और आय के स्रोतों की गहन जांच की जाएगी। SVU अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में आगे भी कई चौंकाने वाले खुलासे हो सकते हैं और अन्य अधिकारियों या एजेंसियों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है और अभियुक्त के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *