अक्षय तृतीया के मौके पर इस बार प्रयागराज में बाजार से लेकर विवाह समारोह तक जबरदस्त रौनक देखने को मिली। शुभ मुहूर्त के चलते जिले भर में शादियों की भरमार रही, वहीं सराफा,ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक बाजार के साथ रियल इस्टेट में रिकॉर्ड कारोबार हुआ। अक्षय तृतीया पर करीब 400 करोड़ के कारोबार से प्रयागराज के बाजार खिलखिला उठे। तीर्थ पुरोहितों के मुताबिक, अक्षय तृतीया पर जिले में करीब 300 से 350 शादियां हुईं। जिले के लगभग 250 मैरिज लॉन पहले से ही बुक रहे। शादी के सीजन और पर्व के मेल ने बाजारों में जबरदस्त मांग पैदा कर दी है।
सराफा बाजार में 200 करोड़ का व्यापार
शहर के सराफा बाजार में इस बार कारोबार ने नई ऊंचाई छूने के संकेत दिए हैं। सराफा एसोसिएशन के पदाधिकारी दिनेश सिंह के अनुसार, अक्षय तृतीया पर 200 करोड़ रुपये के कारोबार हुआ। सिविल लाइंस के बड़े शोरूम से लेकर कटरा और चौक के पारंपरिक सराफा बाजार तक ग्राहकों की भारी भीड़ देखी जा रही है। सोने-चांदी के सिक्के, हल्के आभूषण और शादी से जुड़े जेवरों की सबसे ज्यादा मांग बनी हुई है।
सिविल लाइंस, कटरा और चौक में खरीदारी की भीड़
सिविल लाइंस में ब्रांडेड ज्वेलरी शोरूम पर सुबह से ग्राहकों की लाइन लगी रही, जहां नई डिजाइनों और ऑफर्स ने लोगों को आकर्षित किया। कटरा बाजार में मध्यम वर्गीय ग्राहकों ने बजट फ्रेंडली ज्वेलरी की जमकर खरीदारी की। वहीं चौक के पारंपरिक सराफा बाजार में सोने के सिक्के, मंगलसूत्र और चांदी के बर्तनों की खरीदारी को लेकर खास उत्साह दिखा। प्रयागराज सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष दिनेश सिंह ने बताया कि रविवार को ही 150-200 करोड़ का सराफा कारोबार हुआ। अक्षय तृतीया का मुहूर्त सोमवार शाम पांच बजे तक रहेगा, ऐसे में यह आंकड़ा और ऊपर जाना तय है।
ऑटोमोबाइल सेक्टर भी चमका
अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर वाहन खरीदने की परंपरा का असर ऑटोमोबाइल बाजार में भी साफ दिखा। इस बार करीब 50 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। दो पहिया में करीब तीन लाख रुपये की Royal Enfield Classic 350 की बुकिंग जोरों पर रही जबकि चार पहिया में लगभग 60 लाख रुपये कीमत की Toyota Fortuner Legender के लिए भी ग्राहकों ने डिलीवरी ली। सिविल लाइंस स्थित कार शोरूम के मैनेजर विकास सेन ने बताया कि रविवार को उनके शोरूम से 15 कारों की डिलीवरी हुई। इसी तरह टीवीएस शोरूम के आकाश गुप्ता ने बताया कि उनके शोरूम से 30 टू व्हीलर की डिलीवरी हुई। ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री के जानकारों का कहना है कि रविवार को जिले भर में करीब 100 कार व 1000 से ज्यादा टू व्हीलर बिके। 100 करोड़ का रियल इस्टेट कारोबार
अक्षय तृतीया पर रियल इस्टेट सेक्टर में भी बूम रहा। जानकारों के मुताबिक, करीब 100 करोड़ का कारोबार इस बार हुआ है। इनमें फ्लैट्स के साथ ही प्लॉट्स व मकान की भी खरीदारी हुई है। हालांकि एक्चुअल आंकड़ा, दो दिन बाद ही मिल सकेगा। रियल इस्टेर कारोबारी अनिल गर्ग ने बताया कि अक्षय तृतीया पर 100 करोड़ के आसपास प्रॉपर्टी की सेल होने का अनुमान है। इलेक्ट्रॉनिक्स व अन्य पर भी धनवर्षा
गर्मी के मौसम में इस बार इलेक्ट्रॉनिक्स मार्केट में भी जमकर धनवर्षा हुई। जिले भर में 50 करोड़ के आसपास इलेक्ट्रॉनिक्स आइटम्स की सेल हुई। सबसे ज्यादा एसी, कूलर, रेफ्रिजरेटर की डिमांड रही। सिविल लाइंस में इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम के मैनेजर संजय जायसवाल ने बताया कि उनके शोरूम से रविवार को 72 एसी और 38 रेफ्रिजरेटर बिके। इसी तरह नैनी में इलेक्ट्रॉनिक्स आइटम के कारोबारी मयंक केशरवानी ने बताया कि सबसे ज्यादा इस बार एसी की डिमांड रही। उनकी दुकान से रविवार को 24 एसी की सेल हुई। इस बार स्प्लिट एसी ज्यादा बिके। ट्रैफिक व्यवस्था कड़ी, बाजारों में सवारी वाहनों की नो-एंट्री
भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए गए। शाम से ही चौक, सिविल लाइंस और कटरा बाजार में ई-रिक्शा समेत सभी सवारी वाहनों के लिए नो-एंट्री लागू कर दी गई थी जो रात तक लागू रही। हालांकि भीड़ को देखते हुए कुछ देर के लिए राहत भी दी गई। उधर मुख्य बाजारों में ट्रैफिक पुलिस की स्पेशल पिकेट भी तैनात रही। कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेड्स के अध्यक्ष महेंद्र गोयल के मुताबिक, अभी सोमवार को भी खरीदारी होगी। ऐसे में प्रयागराज में अक्षय तृतीया के दो दिनों में 500 करोड़ से ज्यादा के कारोबार का अनुमान है।
Source link