सीतापुर के लहरपुर कोतवाली क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। घटना बृहस्पतिवार देर रात केसरीगंज चौकी क्षेत्र के अंतर्गत तहसील मार्ग पर हुई, जहां अज्ञात वाहन की टक्कर से एक पैदल जा रहे व्यक्ति की मौके पर ही जान चली गई। प्रजानकारी के अनुसार, मोहल्ला पुरवा बेहटी निवासी आशा पुत्र पंचम (50 वर्ष) गुरुवार रात किसी कार्य से पैदल तहसील मार्ग की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। राहगीरों ने तत्काल मानवता दिखाते हुए 108 एंबुलेंस को सूचना दी और घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लहरपुर पहुंचाया गया। हालांकि, वहां मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दी। परिजनों में हादसे की खबर सुनते ही कोहराम मच गया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाली प्रभारी अरविंद सिंह ने बताया कि हादसा अज्ञात वाहन की टक्कर से हुआ है। वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही आरोपी वाहन और चालक की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Source link