अबोहर में 17 अप्रैल को दोपहर में एक ट्रेन की चपेट में आने से 20 वर्षीय मूक-बधिर युवक की मौत हो गई। यह हादसा रेलवे स्टेशन से कुछ दूरी पर हुआ। राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने शव को मोर्चरी में रखवाया है। मृतक की पहचान ईदगाह बस्ती गली नंबर जीरो निवासी राजा के रूप में हुई है। राजा मूक-बधिर था और मजदूरी करता था। उसके माता-पिता भी दिहाड़ी मजदूर हैं। जानकारी के अनुसार, राजा दोपहर करीब एक बजे रेलवे स्टेशन के पास एक प्लेटफॉर्म पर आने वाले माल की निगरानी कर रहा था। इसी दौरान एक रेलगाड़ी वहां आई। मूक-बधिर होने के कारण राजा को ट्रेन का हॉर्न सुनाई नहीं दिया और वह उसकी चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने पुलिस को दी सूचना आसपास के लोगों ने तुरंत जीआरपी पुलिस को सूचना दी। पुलिस कर्मचारी बलदेव सिंह मौके पर पहुंचे और नर सेवा नारायण सेवा समिति के सदस्यों बिट्टू नरूला व सोनू की मदद से घायल राजा को अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टर योगेश ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रखवाया है। बताया गया है कि मृतक राजा अपनी दो बहनों का इकलौता भाई था। उसके एक भाई की पहले ही बीमारी से मौत हो चुकी है। पुलिस के अनुसार, राजा की मौत रेलगाड़ी की जोरदार टक्कर से हुई है। रेलगाड़ी के नीचे आने के कारण उसके शरीर का कोई भी हिस्सा कटा नहीं, बल्कि टक्कर के तीव्र प्रभाव से उसकी जान चली गई।
Source link