अबोहर में विवादित जमीन पर गुरुद्वारा निर्माण रोका:ग्रामीणों ने थाना घेरा; पुलिस बोली- यह विवादित जमीन, मामला कोर्ट में लंबित




अबोहर के सराभा नगर में विवादित भूमि पर गुरुद्वारा निर्माण कार्य को पुलिस ने रुकवा दिया। इस कार्रवाई के विरोध में ग्राम पंचायत और ग्रामीणों ने थाना नंबर एक के बाहर धरना प्रदर्शन किया। थाना प्रभारी के आश्वासन के बाद यह धरना समाप्त कर दिया गया। महिला सरपंच के बेटे काला सिंह ने बताया कि गांव में करीब 5 एकड़ जमीन वर्ष 1972 से खाली पड़ी है और इसका कोई मालिक नहीं है। लगभग छह महीने पहले पंचायत ने इस जगह पर गुरुद्वारा साहिब बनवाने का प्रस्ताव पारित किया था। हालांकि, शहर के एक प्रभावशाली व्यक्ति ने इस जमीन पर अपना दावा करते हुए अदालत में मामला दायर कर दिया था, जिसके बाद अदालत के आदेश पर यहां धारा 145 लागू कर दी गई। पुलिस बोली- यह विवादित जमीन आज सिटी वन पुलिस को सूचना मिली कि कुछ निहंग सिंह गांव की इस विवादित जगह पर गुरुद्वारा साहिब का निर्माण कार्य शुरू कर रहे हैं। इस पर थाना प्रभारी मनिंदर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने वहां मौजूद ग्राम पंचायत सदस्यों और निहंग सिंहों को विवादित जगह से हटा दिया और उन्हें किसी अन्य स्थान पर गुरुद्वारा बनाने का सुझाव दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से आक्रोशित ग्रामीण थाना नंबर एक के बाहर पहुंच गए और धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि यह जमीन बेनामी है और इस पर पंचायत का अधिकार है। वहीं, थाना प्रभारी ने इस जगह को विवादित बताया। इसके बाद थाना प्रभारी मनिंदर सिंह ने धरनाकारियों को थाने में बुलाकर समझाया। उन्होंने बताया कि इस विवादित भूमि पर कुछ वर्ष पहले हुए झगड़े के चलते मुकदमा नंबर 237 दर्ज है और अदालत के आदेश पर यहां धारा 145 लगी हुई है। इसलिए वे किसी को भी इस जगह पर किसी प्रकार का निर्माण कार्य करने की अनुमति नहीं दे सकते। थाना प्रभारी के इस स्पष्टीकरण के बाद धरना समाप्त कर दिया गया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *