अयोध्या में 30 लाख के KVP गबन का खुलासा:सिपाही पर FIR दर्ज, थाना प्रभारी निलंबित

[ad_1]


अयोध्या जनपद के महबूबगंज उप डाकघर में 30 लाख रुपये के गबन का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस प्रकरण में उप डाकपाल शिवांशु श्रीवास्तव, उनकी पत्नी आयुषी श्रीवास्तव और पुलिस सिपाही अजय यादव के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई प्रधान डाकघर के डाक अधीक्षक की तहरीर पर की गई है। मामले के अनुसार, पीड़ित मोहम्मद सगीर खान, उनके बेटे शमशेर खान और पत्नी कैसर जहां ने 11 जनवरी 2025 को 30 लाख रुपये के किसान विकास पत्र खरीदे थे। आरोप है कि उप डाकपाल शिवांशु श्रीवास्तव ने धोखाधड़ी करते हुए तीनों खाताधारकों को फर्जी तरीके से मृत दिखाकर उनके खाते बंद कर दिए। इसके बाद पूरी धनराशि नामिनी मुमताज जहां के खाते में ट्रांसफर कर दी गई। चौंकाने वाली बात यह है कि मुमताज जहां को इस लेन-देन की कोई जानकारी नहीं थी। आरोप है कि 13 मई को उनके खाते से 15 लाख रुपये निकाल लिए गए। जांच में यह भी सामने आया कि उसी दिन सिपाही अजय यादव के बैंक खाते में 15 लाख रुपये जमा हुए थे। इसके अलावा, कुछ रकम आयुषी श्रीवास्तव के खाते में भी ट्रांसफर होने की बात उजागर हुई है। जांच के दौरान यह भी पता चला कि अजय यादव और शिवांशु श्रीवास्तव के बीच करीबी संबंध थे, जिससे साजिश की आशंका और गहरा गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने तत्काल प्रभाव से थाना प्रभारी शारदेन्दु दूबे और सिपाही अजय यादव को निलंबित कर दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। यह मामला डाक विभाग और पुलिस व्यवस्था दोनों पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

[ad_2]

Source link

Leave a Comment