अररिया जिले के मोहनपुर गांव में भूमि विवाद को लेकर हुई हिंसक झड़प में एक 50 वर्षीय महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। यह घटना बैरगाछी थाना क्षेत्र के मोहनपुर वार्ड संख्या 01 में 29 मार्च को 10 डिसमिल जमीन के टुकड़े को लेकर हुई थी। मृतका की पहचान मोहनपुर निवासी स्वर्गीय जनक लाल मंडल की पत्नी हंस देवी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, 29 मार्च को दूसरे पक्ष के बैजनाथ मंडल ने लगभग 40-50 लोगों के साथ हंस देवी के घर पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडों और अन्य हथियारों से बर्बरतापूर्वक मारपीट की, जिसमें परिवार के चार सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घर आने के बाद हो गई मौत
घायलों में हंस देवी की हालत सबसे गंभीर थी। उन्हें अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद घर लाया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। परिवार का एक अन्य सदस्य अभी भी गंभीर रूप से घायल है और उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। परिजनों ने तुरंत बैरगाछी थाना पुलिस को सूचित किया। पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। सोमवार दोपहर करीब 1 बजे शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल अररिया लाया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। कड़ी से कड़ी कार्रवाई और सजा की मांग की
मृतका के भतीजे भीम कुमार मंडल और पवन मंडल ने बताया कि बैजनाथ मंडल के नेतृत्व में हमलावरों ने अत्यधिक क्रूरता दिखाई। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई और सजा की मांग की है। पीड़ित परिवार ने हमलावरों पर हत्या और आपराधिक षड्यंत्र का आरोप लगाया है। बैरगाछी थाना प्रभारी ने जानकारी दी कि इस मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। शेष आरोपियों की तलाश जारी है और मामले की जांच तेजी से की जा रही है। भूमि विवादों के कारण बार-बार हिंसा भड़क रही
यह घटना स्थानीय स्तर पर सनसनी का विषय बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि छोटे भूमि विवादों के कारण बार-बार हिंसा भड़क रही है, जिससे लोगों की जान जा रही है। प्रशासन से अपील की जा रही है कि ऐसे मामलों में सख्ती बरती जाए और भूमि विवादों का शीघ्र निपटारा किया जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
Source link