कटनी में युवक का शव रेलवे ट्रैक पर मिला:तिलक समारोह में गया था, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका




कटनी के मुड़वारा रेलवे स्टेशन के पास गुरुवार को एक 26 वर्षीय युवक का शव रेलवे ट्रैक पर मिला। मृतक की पहचान माधव नगर थाना क्षेत्र के ग्राम चरवाही निवासी इंद्रजीत पटेल के रूप में हुई है। युवक दो दिन पहले एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने गया था। परिजनों ने इसे हत्या बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। जानकारी के अनुसार, इंद्रजीत पटेल (पिता राम रतन पटेल, 26 वर्ष) 21 अप्रैल की शाम करीब 4 बजे अपने घर से निकला था। वह एनकेजे थाना क्षेत्र के ग्राम जुहला में एक रिश्तेदार के यहां आयोजित तिलक समारोह में शामिल होने गया था। जब वह देर रात तक घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। गुरुवार सुबह मुड़वारा रेलवे स्टेशन के पास रेल की पटरियों पर एक युवक का शव देखे जाने की सूचना मिली। जीआरपी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव की शिनाख्त की कार्रवाई की, जिसमें मृतक की पहचान इंद्रजीत के रूप में हुई। इंद्रजीत की मौत की खबर मिलते ही परिवार में शोक छा गया। जिला अस्पताल पहुंचे परिजनों ने घटना पर गंभीर संदेह व्यक्त किया। उनका आरोप है कि इंद्रजीत तिलक समारोह में खुशी-खुशी गया था और उसकी मौत सामान्य दुर्घटना नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या है। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से मामले की गहन जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। जीआरपी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मर्ग कायम कर लिया गया है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। जीआरपी पुलिस के अनुसार, शव रेलवे ट्रैक पर मिला है। मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *