कपूरथला के ढिलवां क्षेत्र में पुलिस ने हाईटेक नाके पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 23 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ थाना ढिलवां में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना ढिलवां के एसएचओ दलविंदरवीर सिंह ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड की मांग की जाएगी। इससे उनसे गहन पूछताछ कर उनके नेटवर्क का पता लगाया जा सकेगा। टीम के साथ हाईटेक नाके पर तैनात थे एएसआई
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम (4 अप्रैल) एएसआई गुरदीप सिंह अपनी टीम के साथ हाईटेक नाके पर तैनात थे। इसी दौरान अमृतसर की ओर से आ रही एक स्विफ्ट कार (PB-08-EB-6728) को शक के आधार पर रोका गया। कार में सवार चार व्यक्तियों से पूछताछ की गई, जिन्होंने अपनी पहचान जोबनजीत सिंह पुत्र सुखविंदर सिंह निवासी मोहल्ला छावणी साहिब बियास, नितेश पुत्र राजीव कुमार, कशिश पुत्र राजीव कुमार (दोनों निवासी गुरु नानक नगर जालंधर) और सोहंग प्रकाश पुत्र भगवंत किशोर निवासी फगवाड़ा के रूप में बताई। ड्रम के पास फेंक दिया लिफाफा
पूछताछ के दौरान ड्राइवर सीट से उतरे एक युवक ने अपनी जेब से एक लिफाफा निकालकर सड़क किनारे रखे ड्रम के पास फेंक दिया। पुलिस ने तुरंत शक के आधार पर लिफाफे की जांच की, जिसमें से 23 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने बरामद हेरोइन और स्विफ्ट कार को कब्जे में लेकर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी किस नेटवर्क से जुड़े हुए हैं और उन्हें यह हेरोइन कहां से मिली थी।
Source link