करौली जिला मुख्यालय पर सोमवार शाम सवर्ण समाज के बैनर तले यूजीसी कानून के विरोध में एक विशाल मशाल जुलूस निकाला गया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार से इस कानून को तत्काल वापस लेने की मांग की और ऐसा न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी। यह जुलूस पुरानी नगर पालिका से शुरू हुआ और शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुरानी कलेक्ट्रेट चौराहा स्थित हनुमान मंदिर पर शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। जुलूस में शामिल लोगों ने यूजीसी कानून के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। यूजीसी विरोधी संघर्ष समिति के तत्वावधान में आयोजित इस मशाल जुलूस में बड़ी संख्या में समाज के प्रबुद्धजन, युवा वर्ग और स्थानीय नागरिक शामिल हुए। जुलूस पुरानी नगर पालिका से रवाना होकर फूटा कोट, सदर बाजार, बड़ा बाजार और वजीरपुर गेट से गुजरा। प्रदर्शनकारियों ने पूरे मार्ग में “यूजीसी कानून वापस लो” के नारे लगाए। उन्होंने कहा कि यह कानून सामान्य वर्ग के हितों के खिलाफ है और इसे तुरंत वापस लिया जाना चाहिए। कार्यक्रम में देव कुमार गौड़, दिनेश पचौरी, प्रकाश जती, अभय शास्त्री और अंगद सहित कई प्रमुख लोग उपस्थित रहे। आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी।
Source link