कोटा में भीषण गर्मी ने आमजन की रफ्तार थाम दी है। शुक्रवार को सुबह 11 बजे ही तापमान 39 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जिससे लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया। दोपहर 1 बजे अधिकतम तापमान 40 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री रहा। मौसम विभाग ने जिले में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है और आने वाले दिनों में गर्म हवा चलने की चेतावनी दी है। गर्मी के बढ़ते असर को देखते हुए कलेक्टर पीयूष समारिया ने स्कूलों के समय में बदलाव किया है। शुक्रवार 24 अप्रैल से कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी स्कूल सुबह 7:30 से दोपहर 12:30 बजे तक संचालित होंगे। साथ ही सभी सरकारी और निजी स्कूलों में पीने के पानी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। शहर में सुबह 9 बजे के बाद ही तेज धूप के तेवर देखने को मिल रहे हैं। चिलचिलाती गर्मी के कारण मुख्य चौराहों एरोड्रम और महावीर नगर पर सन्नाटा पसरा नजर आया। लोग केवल जरूरी काम से ही घरों से बाहर निकल रहे हैं और गर्मी से बचने के लिए गमछा, छतरी और पानी का सहारा ले रहे हैं। वहीं, शहर में जगह-जगह लोग पेड़ों की छांव में आराम करते दिखाई दिए। पशु भी गर्मी से बचने के लिए छायादार स्थानों में बैठे नजर आए। लगातार बढ़ती गर्मी के चलते ठंडे पेय पदार्थों की मांग में भी इजाफा हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार 25 अप्रैल से लू के और तेज होने की संभावना है, जिससे जनजीवन पर असर और बढ़ सकता है। भीषण गर्मी का असर कोटा के कोचिंग इलाकों में भी साफ नजर आ रहा है। दोपहर के समय आमतौर पर व्यस्त रहने वाले क्षेत्र सुनसान दिखाई दे रहे हैं। तेज धूप और लू जैसे हालात के कारण कोचिंग स्टूडेंट्स अपने पीजी और हॉस्टलों में ही रहने को मजबूर हैं। जरूरी काम होने पर ही वे बाहर निकल रहे हैं। गर्मी से बचाव के लिए छात्र पानी, कूलर और छांव का सहारा ले रहे हैं, जिससे इलाकों में दिन के समय सन्नाटा पसरा हुआ है।
Source link