कोटा में युवक ने फांसी लगाकर दी जान:ट्रेन में महिला की मौत,भतीजे की शादी के लिए खरीदारी करने कोटा आ रही थीं




कोटा शहर के बोरखेड़ा थाना क्षेत्र में एक युवक ने अपने घर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, वहीं दूसरी ओर दयोदय एक्सप्रेस ट्रेन में सफर कर रही एक महिला की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। बोरखेड़ा खाने के एएसआई हरीश कुमार ने बताया कि पहली घटना बोरखेड़ा थाना क्षेत्र के बजरंग नगर इलाके की है। यहां हनुमान मंदिर के पास रहने वाले 36 वर्षीय अमित गुप्ता ने अपने घर के कमरे में फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया। काफी देर तक जब अमित अपने कमरे से बाहर नहीं निकले तो उनकी मां को चिंता हुई। उन्होंने फोन किया, लेकिन कॉल का कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने अपने पति को बुलाया। जब खिड़की से अंदर देखा गया तो अमित पंखे से लटके हुए मिले। उन्होंने बताया कि सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर एमबीएस अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। परिजनों के अनुसार अमित प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे और सामान्य व्यवहार करते थे। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। वहीं दूसरी घटना दयोदय एक्सप्रेस ट्रेन में सामने आई। छबड़ा निवासी 47 वर्षीय संतोष बाई अपने भतीजे की शादी के लिए खरीदारी करने कोटा आ रही थीं। ट्रेन जब सोगरिया स्टेशन के पास पहुंची, तभी उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई। हालत गंभीर होने पर उन्हें तुरंत कोटा लाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। सूचना पर जीआरपी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को एमबीएस अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। फिलहाल दोनों ही मामलों में पुलिस द्वारा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए जांच जारी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *