जमुई में शनिवार सुबह तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ईंट लदे ट्रक में पीछे से जा भिड़ी। इस टक्कर में स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं गाड़ी में सवार 10 लोग घायल हो गए। घटना चकाई-देवघर मुख्य मार्ग पर घोरमो चेक पोस्ट के पास हुई। घायलों में से एक व्यक्ति की हालत गंभीर बनी हुई है। बताया गया है कि सभी घायल पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के निवासी हैं। वे बिहार के सीवान में रहकर फेरी का काम करते हैं। आगामी चुनाव में मतदान करने के लिए सीवान से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान घोरमो चेक पोस्ट के पास चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिससे यह हादसा हुआ। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए पहुंचाया अस्पताल घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में वारिस शेख, अनीसुर शेख, अजगर अली, अफजल हक, नजरुल मियां, माजरुल शेख, रशीद शेख, रफीकुल शेख और चालक शमीम शेख शामिल हैं। मोदिन शेख की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलने पर चकाई थानाध्यक्ष सर्वजीत कुमार अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। प्रशासन से कार्रवाई की मांग थानाध्यक्ष ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों के कारण इस मार्ग पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। उन्होंने प्रशासन से इस दिशा में ठोस कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके।
Source link