खरगोन जिले के बमनाला गांव में कथित धर्मांतरण की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक मकान से चार संदिग्धों को हिरासत में लिया है। मौके से ईसाई धार्मिक ग्रंथ, पुस्तकें, लैपटॉप, प्रोजेक्टर, माइक और साउंड सिस्टम बरामद किए गए। बमनाला निवासी 29 वर्षीय बबलू दांगोड़े ने पुलिस को शिकायत दी कि सेल्दा रोड पेट्रोल पंप के पीछे एक मकान में लोगों की भीड़ जुटी थी। आरोप है कि मकान मालिक राजू बड़ोले ने उन्हें अंदर बुलाकर ईसा मसीह की प्रार्थना से बीमारी से मुक्ति का आश्वासन दिया। शिकायत के अनुसार, बैठक में मौजूद लोगों से हिंदू धर्म छोड़ने, तिलक न लगाने और देवी-देवताओं की पूजा बंद करने की बात कही गई। साथ ही बबलू जमरे, सेतु मेड़ा और पंकज बारिया पर धार्मिक साहित्य बांटने का आरोप लगाया गया है। सजाए गए कमरे में चल रही थी बैठक
बताया गया कि जिस कमरे में यह बैठक हो रही थी, उसे रंगीन पन्नियों से सजाया गया था और वहां धार्मिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। बैठक के दौरान हिंदू संगठन के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और विरोध जताया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच बहस भी हुई। भीकनगांव पुलिस ने मध्य प्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम 2021 की धारा 3 और 5 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Source link