खौरथल-तिजारा कलेक्टर ने शिक्षा विभाग की ली बैठक:स्कूल-आंगनवाड़ी तालमेल और फंड मैनेजमेंट पर की चर्चा, शाला दर्पण पोर्टल अपडेट करने के दिए निर्देश




खैरथल-तिजारा जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला सचिवालय में शिक्षा विभाग की जिला स्तरीय निष्पादन बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने विभागीय कार्यों की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर ने जल कनेक्शन से वंचित विद्यालयों की अद्यतन जानकारी जल्द से जल्द संकलित करने के निर्देश दिए। साथ ही भवन रहित और निर्माणाधीन विद्यालयों की स्थिति की विस्तृत समीक्षा के लिए समसा अभियंता को बैठक में बुलाने को कहा। स्कूल-आंगनवाड़ी तालमेल और फंड मैनेजमेंट पर चर्चा बैठक के दौरान कलेक्टर ने विद्यालय परिसरों में संचालित आंगनवाड़ी केंद्रों की जानकारी एकत्रित कर ICDS विभाग के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया। उन्होंने सभी विद्यालयों को मिलने वाले फंड की व्यवस्थित जानकारी संधारित कर कार्यालय को भेजने के निर्देश दिए। इसके साथ ही स्टाफ डिटेल का विश्लेषण कर आवश्यकतानुसार कार्मिकों की रिपोर्ट तैयार करने को भी कहा गया, ताकि संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित हो सके। शाला दर्पण पोर्टल अपडेट करने के लिए कहा अकादमिक स्तर पर कलेक्टर ने कक्षा 5 तक फाउंडेशनल लिटरेसी एंड न्यूमेरेसी (FLN) की नियमित रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विद्यार्थियों के अधिगम स्तर का मूल्यांकन कर सुधारात्मक कदम उठाने पर भी जोर दिया गया। साथ ही शाला दर्पण पोर्टल पर ब्लू और पिंक टैबलेट से संबंधित प्रविष्टियों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। डाइट के लिए भूमि आवंटन के मुद्दे पर भी हुई बात बैठक में डाइट खैरथल-तिजारा के लिए भूमि आवंटन के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। कलेक्टर ने नगर परिषद के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक/माध्यमिक) रमेश कुमार मेघ, सहायक अभियंता विद्युत विभाग दिनेश भड़ाना और विभिन्न ब्लॉकों के शिक्षा अधिकारी उपस्थित रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *