गया के कंडी में बन रहा जैव विविधता पार्क:विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने किया निरीक्षण, जून तक पूरा होगा काम




गया शहर के कंडी क्षेत्र में निर्माणाधीन जैव विविधता पार्क का कार्य तेजी से चल रहा है। बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने शुक्रवार को परियोजना स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को समय पर और गुणवत्तापूर्ण कार्य करने के निर्देश दिए। डॉ. प्रेम कुमार ने बताया कि यह परियोजना लगभग 60 हेक्टेयर भूमि पर विकसित की जा रही है। इसकी कुल लागत ₹19.87 करोड़ है। उन्होंने कहा कि पार्क को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है, जिससे यह पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। पार्क में आकर्षक इंट्रेंस प्लाजा, सुव्यवस्थित पाथ-वे, तीन रोज गार्डन और दो डीलक्स जन-सुविधा शौचालयों का निर्माण किया जा रहा है। इसके अलावा परिसर में प्रकाश व्यवस्था और एक सुंदर तालाब भी बनाया जा रहा है, जिससे इसकी उपयोगिता और सौंदर्य बढ़ेगा। अध्यक्ष ने अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के अंदर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे करने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने विश्वास जताया कि यह परियोजना आगामी जून माह तक पूर्ण हो जाएगी और इसके बाद पार्क आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। पार्क में लगभग 3000 पौधे लगाए जाएंगे पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए डॉ. कुमार ने बताया कि पार्क में लगभग 3000 पौधे लगाए जाएंगे। इनमें एक-एक हजार नीम, पीपल और बरगद के पौधे शामिल होंगे। इन पौधों से न केवल हरियाली बढ़ेगी, बल्कि क्षेत्र की जैव विविधता को भी मजबूती मिलेगी और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में मदद मिलेगी। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. कुमार ने यह भी बताया कि इस पार्क के समीप लगभग 40 हेक्टेयर अतिरिक्त भूमि पर चिड़ियाघर के निर्माण का प्रस्ताव भी तैयार किया जा रहा है। यदि यह योजना साकार होती है, तो इससे गया क्षेत्र में पर्यटन को नया आयाम मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। निरीक्षण के दौरान ये रहे मौजूद निरीक्षण के दौरान कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे। इनमें शंभू यादव, राजनंदन गांधी, वसंत जी परमार, शिवनारायण चंद्रवंशी, राजेश मस्तान, पप्पू निलकर, समीर चटर्जी, राकेश कुमार, शिवा मांझी, गोपाल चंद्रवंशी, अनिल गुप्ता, पम्मी सिंह और सपना पटवा सहित अन्य लोग शामिल थे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *