गर्लफ्रेंड की हत्या कर मासूम बच्चे को भूसे में जलाया:झांसी में पति के पास जाने की जिद करने पर कुल्हाड़ी से काटा, जागने पर बच्चे की जान ली




झांसी में सनकी आशिक ने 10 साल छोटी गर्लफ्रेंड और उसके 3 साल के मासूम बच्चे की हत्या कर दी। गर्लफ्रेंड अपने पति के पास जाने की जिद पर अड़ी थी। इससे गुस्साए आशिक ने 2 अप्रैल की रात को उसे कुल्हाड़ी से काट दिया। शोर सुनकर बच्चा जाग गया तो उसे भी मार डाला। 4 अप्रैल की रात को घर से लगभग 600 मीटर दूर सड़क किनारे महिला की लाश फेंक दी। इससे थोड़ी दूर खेत में भूसे के ढेर में बच्चे के शव को छुपा दिया। 5 अप्रैल को पुलिस को महिला की लाश मिली थी। शिनाख्त नहीं होने पर पुलिस गांवों में घूमने लगी। तब आरोपी ने 7 अप्रैल की रात को भूसे के ढेर में आग लगाकर बच्चे के शव जला दिया। 8 अप्रैल को बच्चे के जले हुए अवशेष बरामद हुए थे। इसके बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी। तब पता चला कि मां-बेटे आरोपी के पास आए थे और अब दोनों लापता हैं। आरोपी भी भागा हुआ है। बुधवार देर रात पुलिस को मुखबिर के जरिए उसकी लोकेशन पता चली। घेराबंदी करने पर आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। काउंटर अटैक में उसके पैर में गोली लगी है। उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है। उसने दोनों हत्याएं कबूल कर ली है। ये पूरा मामला लहचूरा थाना क्षेत्र के बरौटा गांव का है। अब पूरा मामला सिलसिलेवार विस्तार से पढ़िए दोस्त के जरिए हुई थी जान पहचान मुठभेड़ में पकड़ा गया आरोपी चतुर्भुज पटेल उर्फ दीपक (40) लहचूरा के बरौटा गांव का रहने वाला है। वह झांसी में रहकर ब्लिंकिट में काम करता था। उसका भाई संजीव ग्राम प्रधान रह चुका है। चतुर्भुज की पहली पत्नी नेहा की मौत हो गई थी। उसने 2015 में टहरौली निवासी हेमलता से शादी कर ली। हेमलता से उसे एक बेटा है। शादी के कुछ समय बाद दोनों में विवाद होने लगा। हेमलता उसे छोड़कर दिल्ली जाकर रहने लगी। चतुर्भुज यहां अकेले रहता था। गांव का एक युवक गुरुग्राम में गार्ड है। उसके जरिए चतुर्भुज की पहचान गुरुग्राम निवासी नीलू देवी (30) से हो गई। नीलू का घर आना जाना हो गया मूलरूप से गुजरात की रहने वाली नीलू शादीशुदा थी। उसका 3 साल का बेटा कृष्णा था। नीलू को भी उसके पति ने छोड़ दिया था। इस वजह से नीलू और चतुर्भुज के बीच गहरी दोस्ती हो गई। जो कुछ समय बाद ही प्यार में बदल गई। कुछ महीने पहले चतुर्भुज गुरुग्राम में जाकर नीलू के साथ रहने लगा था। नीलू भी चतुर्भुज के गांव वाले घर पर आने जाने लगी थी। चतुर्भुज अपने कमाई उसी पर लुटाने लगा। चतुर्भुज पिछले सप्ताह नीलू और उसके बेटे कृष्णा को लेकर गांव आ गया था। झगड़ा होने पर सिर में मारी कुल्हाड़ी चतुर्भुज गुस्सैल और सनकी स्वभाव का है। नीलू अपने पति के पास जाना चाहती थी, लेकिन चतुर्भुज उसे मना कर रहा था। 3 अप्रैल की रात को नीलू ने कहा कि सुबह वह पति के पास चली जाएगी। जिद करने पर दोनों के बीच झगड़ा हो गया। विवाद बढ़ने पर चतुर्भुज ने कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ नीलू के सिर पर कई वार कर डाले। शोर शराबा सुनकर कृष्णा जागकर रोने लगा। तब कुल्हाड़ी मारकर कृष्णा को भी मौत के घाट उतार दिया। अपने कमरे में ही दोनों के शव को दिनभर रखे रहा। 4 अप्रैल रात को वह दोनों शवों को बाइक में बांधकर गांव के बाहर ले गया। सड़क किनारे नीलू का शव फेंक दिया, जबकि बच्चे के शव को रामस्वरूप के खेत में भूसा के ढेर में छुपा दिया था। मिशन शक्ति रजिस्टर से चतुर्भुज तक पहुंची पुलिस चतुर्भुज ने पुलिस से बचने के लिए नीलू का चेहरा पत्थर से बुरी तरह कुचल दिया था। ऐसे में पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती उसके शिनाख्त की थी। शिनाख्त के लिए पुलिस ने काफी हाथ पांव चलाए लेकिन, सफलता नहीं मिली। ऐसे में लहचूरा थाना प्रभारी सरिता मिश्रा ने थाने में रखे मिशन शक्ति के रजिस्टर का सहारा लिया। उसमें दर्ज महिलाओं से बात की। जब वह पन्ना नंबर 37 पर पहुंचीं तब उसमें बरौटा गांव निवासी हेमलता का नाम मिला। थाना प्रभारी सरिता मिश्रा के फोन करने पर हेमलता ने ही चतुर्भुज के बारे में बताया। कहा- चतुर्भुज मेरा पति है। उसके दूसरी महिलाओं से संबंध हैं। विरोध करने पर मुझे मारता है। कुछ दिन पहले वह बाहर से एक महिला और बच्चे को लेकर गांव आया था। तब पुलिस टीम तुरंत गांव पहुंची। यहां न चतुर्भुज मिला, न ही कोई महिला एवं बच्चा। ये जरूरत पता चला कि महिला-बच्चे आए थे। इसके बाद किसी ने नहीं देखे। चतुर्भुज के लापता होने से पुलिस को शक हो गया। घेराबंदी करने पर चलाने लगा गोलियां एसपी ग्रामीण डॉ. अरविंद कुमार ने बताया कि चतुर्भुज की तलाश की जा रही थी। बुधवार रात को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी नहर से बरौटा रोड पर जाने वाला है। इस पर लहचूरा थाना प्रभारी सरिता मिश्रा और एचओजी प्रभारी जितेंद्र तक्खर पुलिस टीम के साथ चेकिंग शुरू की। थोड़ी देर बाद आरोपी बाइक से आते हुए दिखा। रोकने पर वह बाइक मोड़कर भागने लगा। पीछा करने पर आरोपी बाइक से गिर गया और पुलिस टीम पर फायरिंग करने लगा। काउंटर अटैक में उसके पैर में गोली लगी है। आरोपी के पास से तमंचा, कारतूस, दो मोबाइल, आधार कार्ड, पैन कार्ड बरामद किए हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *