गैस किल्लत पर सड़कों पर उतरा कांग्रेस सेवादल:छिंदवाड़ा में एजेंसियों के खिलाफ प्रदर्शन; ‘गैस दो, अभी दो’ के नारे गूंजे




छिंदवाड़ा में बढ़ती गैस किल्लत को लेकर शनिवार को कांग्रेस सेवादल सड़कों पर उतर आया। घरेलू उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर नहीं मिलने से नाराज कार्यकर्ताओं ने गैस एजेंसियों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। आंदोलन की शुरुआत खजरी रोड स्थित नहार गैस एजेंसी से की गई, जहां कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी कर व्यवस्था पर सवाल खड़े किए। प्रदर्शन के दौरान “गैस दो, आज दो, अभी दो”, “गैस एजेंसियों की तानाशाही नहीं चलेगी” और “गैस की कालाबाजारी बंद करो” जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। बड़ी संख्या में आम नागरिक भी इस विरोध में शामिल हुए और अपनी समस्याएं खुलकर सामने रखीं। उपभोक्ताओं को 20-25 दिन बाद भी नहीं मिल रही जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष सुरेश कपाले ने कहा कि लगातार मिल रही शिकायतों के बाद यह कदम उठाया गया है। यदि व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। वहीं कांग्रेस सेवादल जिला अध्यक्ष दीपक वाजपेयी ने बताया कि उपभोक्ताओं को 20-25 दिन बाद भी गैस नहीं मिल पा रही है, जिससे लोग परेशान हैं। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि बुकिंग के बावजूद समय पर सिलेंडर नहीं दिया जा रहा, जिससे आमजन को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शन के माध्यम से जिला प्रशासन और गैस एजेंसियों का ध्यान आकर्षित करते हुए मांग की गई कि गैस सिलेंडर का वितरण तय समयसीमा में और पारदर्शी तरीके से किया जाए। सेवादल पदाधिकारियों ने भारत गैस, इंडेन गैस और हिन्दुस्तान गैस के वितरकों से अपील की कि वे उपभोक्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से लें और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें। प्रदर्शन के दौरान यह भी स्पष्ट किया गया कि यह आंदोलन की शुरुआत है। यदि जल्द राहत नहीं मिली तो जिलेभर की गैस एजेंसियों के सामने इसी तरह के विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे। इस मौके पर कांग्रेस सेवादल, नगर सेवादल, महिला कांग्रेस सेवादल और यंग ब्रिगेड के सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *