गोरखपुर में मंगलवार को मौसम साफ रहा। सुबह से ही आसमान में तेज धूप निकल गई। जिससे लोगों को सुबह से ही गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा। दिन की शुरुआत के साथ ही तापमान तेजी से बढ़ने लगा और सुबह 10 बजे तक ही पारा 32 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। मौसम वैज्ञानिक डॉ. कैलाश पाण्डेय के अनुसार, आज अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। हालांकि, सोमवार के मुकाबले तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट देखने को मिल सकती है। जिससे थोड़ी राहत महसूस होने के आसार है। मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल प्रदेश का मौसम पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव में है। जिसकी वजह से बदलाव शुरू हो गया है। मंगलवार तक मौसम कुछ ऐसा ही बना रहेगा। लेकिन इसके बाद मौसम का मिजाज बदलने वाला है। बुधवार सुबह से ही गोरखपुर समेत पूरे पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसे लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट भी जारी किया है। 8 और 9 अप्रैल के बीच आंधी के साथ बारिश होने का अनुमान है, जिससे मौसम थोड़ा ठंडा हो सकता है। बारिश और आंधी के असर से आने वाले कुछ दिनों में तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट आ सकती है। इससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।
Source link