चंदौली में PCF सहायक आयुक्त निलंबित:धान खरीद में अनियमितता के आरोप में कार्रवाई




चंदौली में तैनात पीसीएफ (PCF) के सहायक आयुक्त (एआर) श्रीप्रकाश उपाध्याय को शासन ने निलंबित कर दिया है। उन पर धान खरीद के दौरान क्रय केंद्र बनाने और मनचाहे लोगों को प्रभारी नियुक्त करने में अनियमितता बरतने का आरोप है। यह कार्रवाई समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव की शिकायत के बाद की गई है। जांच के दौरान श्रीप्रकाश उपाध्याय पर लगे सभी आरोप सही पाए गए, जिसके बाद प्रमुख सचिव सहकारिता ने उन्हें निलंबित करने का आदेश जारी किया। पिछले वर्ष धान खरीद के लिए पीसीएफ द्वारा दो दर्जन से अधिक सरकारी क्रय केंद्र खोले गए थे। आरोप है कि कई केंद्रों पर मिलरों के संपर्क वाले लोगों को प्रभारी बनाया गया था। किसानों से धान खरीदने में भी बड़े पैमाने पर अनियमितता की शिकायतें सामने आई थीं। सपा विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव ने सरकारी बैठकों में इस मुद्दे को उठाया था। उन्होंने शासन के अधिकारियों को पत्र भी लिखे और विधानसभा में भी यह मामला उठाया। शासन ने मामले की गहन जांच कराई। जांच अधिकारियों ने पूरी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को सौंपी, जिसके आधार पर सहायक आयुक्त श्रीप्रकाश उपाध्याय को लापरवाही के आरोप में निलंबित किया गया। पीसीएफ के रीजनल एआर सुधीर पांडेय ने बताया कि प्रमुख सचिव ने लापरवाही के आरोप में श्रीप्रकाश उपाध्याय को निलंबित किया है और मामले की जांच के लिए एक समिति भी गठित की गई है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *