चनपटिया में 36 परिवारों के घर पूरी तरह जलकर राख:मवेशी, वाहन और लाखों की संपत्ति जलकर राख




चनपटिया प्रखंड की चुहड़ी पंचायत के खैरवा टोला, वार्ड संख्या-2 में शनिवार देर रात लगभग 12 बजे भीषण आग लग गई। इस घटना में करीब 36 परिवारों के घर पूरी तरह जलकर राख हो गए। आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने का मौका नहीं मिला और देखते ही देखते पूरा टोला आग की लपटों में घिर गया। घटना की सूचना मिलते ही लगभग आधा दर्जन फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि, तब तक भारी संपत्ति का नुकसान हो चुका था। अगलगी में किशुन राम और खेदू राम की भैंस झुलस गईं। खेदू राम की सिलाई मशीन भी जलकर नष्ट हो गई। नथुनी राम की गाय, बछड़ा और बकरी जलकर मर गए। चोकट राम, उपेंद्र राम, सोना देवी, धोड़ा राम, महंथ राम और खोभरी राम की बकरियों समेत अन्य घरेलू सामान भी खाक हो गए।
राधा राम का ट्रैक्टर और उनके मवेशी पूरी तरह जल गए। महंथ राम, खोभारी राम, जयश्री राम और प्रमोद राम की मोटरसाइकिलें भी आग की भेंट चढ़ गईं। लालबाबू राम के 20 हजार रुपये नकद, अनाज, कपड़े और बर्तन जल गए, जबकि नंदू राम के गहने, कपड़े, बर्तन और अनाज भी राख हो गए। रामजी राम के परिवार को भी भारी क्षति हुई। उनके बेटे की शादी मई में होनी थी, जिसके लिए खरीदे गए सभी सामान इस आग में जलकर नष्ट हो गए। आग लगने का संभावित कारण अलाव बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही विधायक अभिषेक रंजन, बीडीओ प्रणव कुमार गिरी और थानाध्यक्ष अमित कुमार रात में ही मौके पर पहुंचे। रविवार सुबह बीडीओ ने क्षति का आकलन कराया और पीड़ितों के लिए सामुदायिक रसोई (कम्युनिटी किचेन) की व्यवस्था की। इसके साथ ही पॉलीथिन शीट और अनुग्रह राशि वितरण की प्रक्रिया भी शुरू की गई।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *