रायबरेली में ओवरलोड मौरंग ट्रकों की चेकिंग के दौरान एक खनन अधिकारी की गाड़ी को अज्ञात डंपर ने टक्कर मार दी। यह घटना देर रात करीब 4 बजे रायबरेली-अयोध्या सड़क मार्ग पर शारदा नहर के पास हुई। हादसे में खनन अधिकारी सुरेश कुमार लाकड़ा बाल-बाल बच गए, जबकि उनकी गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। खनन अधिकारी सुरेश कुमार लाकड़ा अपने ड्राइवर के साथ अपनी निजी काली रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार थे। उनके साथ के कर्मचारियों ने एक अज्ञात मौरंग ट्रक को रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान शारदा नहर मिल एरिया के पास डंपर ने उनकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। डंपर चालक मौके से फरार टक्कर मारने के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुट गई है। थाना मिल एरिया प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि खनन अधिकारी सुरेश कुमार की गाड़ी को अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी है, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। उन्होंने बताया कि गाड़ी में मौजूद खनन अधिकारी और अन्य लोग सुरक्षित हैं, हालांकि खनन अधिकारी को मामूली चोटें आई हैं। अभी तक इस संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link