छात्रा पूजा की शिक्षा का खर्च उठाएगा जिला प्रशासन:झालावाड़ में मूकबधिर छात्रों का सम्मान, कलेक्टर ने बढ़ाया हौसला




झालावाड़ में शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए एक पहल के तहत मंगलवार को जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने सरस्वती मूकबधिर आवासीय स्कूल और नवजीवन योजना के छात्रों से मुलाकात की। उन्होंने मिनी सचिवालय में दसवीं कक्षा उत्तीर्ण करने वाले छात्रों का सम्मान किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस दौरान कलेक्टर ने एक अनुवादक के माध्यम से छात्रों से बातचीत की और उनकी आगे की पढ़ाई, लक्ष्यों और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने विशेष रूप से विमुक्त समुदाय की छात्रा पूजा से मुलाकात की, जिसने पारिवारिक विरोध के बावजूद दसवीं कक्षा उत्तीर्ण की है। कलेक्टर ने पूजा की परिस्थितियों को देखते हुए उसकी पूरी शिक्षा का खर्च उठाने की घोषणा की। उन्होंने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग को पूजा को विभागीय आवासीय स्कूल में प्रवेश दिलाने के निर्देश दिए। कलेक्टर राठौड़ ने कहा कि पूजा जैसी बेटियां समाज के लिए प्रेरणा हैं और भविष्य में अन्य बालिकाओं के लिए रोल मॉडल बन सकती हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रशासन की ओर से उसे हर संभव सहयोग मिलेगा।
छात्रों द्वारा बेहतर शैक्षणिक सुविधाओं की मांग पर, कलेक्टर ने मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) को स्कूल में स्मार्ट बोर्ड और एलईडी स्क्रीन लगाने के निर्देश दिए। इसका उद्देश्य बच्चों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना है। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागचंद मीणा, स्कूल संचालक संजय शर्मा सहित अन्य अधिकारी और स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *