जमुई के लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र के हरला निवासी दयानंद कुमार ने अपनी पत्नी, ससुर और अन्य परिजनों पर जान से मारने की साजिश रचने का आरोप लगाया है। उन्होंने शनिवार को जमुई एसपी को लिखित आवेदन देकर सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाई है। दयानंद कुमार ने बताया कि उनकी पत्नी पिछले चार वर्षों से अलग रह रही है। पत्नी अक्सर घर आकर उन्हें धमकाती है और कहती है कि जब तक उन्हें मरवा नहीं देगी, तब तक उनके घर से नहीं जाएगी। दयानंद का आरोप है कि उनकी पत्नी संपत्ति में हिस्सेदारी का दावा करती है और कहती है कि उनका बच्चा उसके पास है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पत्नी, सास और ससुर मिलकर उन्हें जान से मारने की साजिश रच रहे हैं। दयानंद ने बताया कि लगभग दो साल पहले उन्हें जंगल में दो दिनों तक बांधकर रखा गया था। उन्होंने इस घटना में अपनी पत्नी आरती कुमारी के भी शामिल होने का आरोप लगाया है। किसी तरह वह अपनी जान बचाकर वहां से निकलने में सफल रहे थे। चचेरे भाई के साथ अवैध संबंध होने का आरोप पीड़ित ने अपनी पत्नी आरती कुमारी पर अपने चचेरे भाई के साथ अवैध संबंध होने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि जब उन्होंने इस मामले की शिकायत सास-ससुर से की, तो पूरा परिवार उनके खिलाफ हो गया और तभी से उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। दयानंद कुमार ने 18 दिसंबर 2022 को अपने घर का वेंटिलेटर तोड़कर उनकी हत्या के प्रयास का भी जिक्र किया। इस घटना के बाद वह अपनी जान बचाकर कोलकाता चले गए थे। 15 दिन पहले कोलकाता में अपहरण की कोशिश उन्होंने बताया कि वह जहां भी काम करने जाते हैं, आरोपियों को इसकी जानकारी मिल जाती है। इसके बाद वे वहां लोगों को भेजकर उन्हें धमकाते हैं। करीब 15 दिन पहले कोलकाता में काम करने के दौरान उनके अपहरण की भी कोशिश की गई थी, जिसकी शिकायत उन्होंने कोलकाता के लाल बाजार थाना में दर्ज कराई है। दयानंद कुमार के आवेदन पर जमुई एसपी ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
Source link