जालंधर के कपूरथला चौक पर सड़क हादसा:नशे में धुत युवकों की तेज रफ्तार कार ने ट्रैक्टर को मारी टक्कर, क्षतिग्रस्त गाड़ी छोड़ आरोपी फरार




जालंधर के कपूरथला चौक पर देर रात सड़क हादसा हो गया। जहां एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार और ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वह पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार सवार युवक कथित तौर पर शराब के नशे में थे और हादसे के तुरंत बाद मौके से फरार हो गए। गनीमत यह रही कि इस दुर्घटना में किसी की जान नहीं गई, लेकिन कार की हालत देखकर हादसे की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
स्थानीय चश्मदीदों, जिनमें करनैल सिंह और बघेल सिंह शामिल हैं। उन्होंने ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली अपनी सही दिशा में मुड़ रही थी, तभी पीछे से बेहद तेज गति में आ रही एक स्विफ्ट कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार सड़क पर ही घूम गई और ट्रैक्टर के पिछले हिस्से से जा टकराई। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि कार में तीन से चार युवक सवार थे, जो पूरी तरह नशे की हालत में लग रहे थे। हादसे के तुरंत बाद वे अपनी क्षतिग्रस्त गाड़ी को मौके पर ही छोड़कर भाग निकले।
दो नंबर की गाड़ी होने का शक
हादसे के बाद इकट्ठा हुए लोगों ने यह आशंका जताई है कि कार का नंबर या उसके दस्तावेज संदिग्ध हो सकते हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि जिस तरह से युवक गाड़ी छोड़कर भागे, उससे यह प्रतीत होता है कि वे पुलिस कार्रवाई या किसी कानूनी पचड़े से बचना चाहते थे। मौके पर मौजूद लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि युवकों के चलने के तरीके और व्यवहार से साफ झलक रहा था कि वे नशे में धुत थे। फिलहाल कार सड़क के बीचों-बीच खड़ी है, जिससे यातायात में भी बाधा आ रही है।
प्रशासन से सुरक्षा की गुहार
घटनास्थल पर मौजूद बघेल सिंह ने बताया कि यह क्षेत्र दुर्घटनाओं के प्रति काफी संवेदनशील है। यहां अक्सर गाड़ियां बहुत तेज रफ्तार में निकलती हैं, जिससे आए दिन हादसे होते रहते हैं। उन्होंने जिला प्रशासन और पुलिस विभाग से मांग की है कि इस सड़क पर गति सीमा को नियंत्रित करने के लिए कड़े कदम उठाए जाएं और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जल्द से जल्द सड़क से हटाकर यातायात सुचारू किया जाए।

वहीं,प्रत्यक्षदर्शी चरणजीत सिंह ने बताया कि हादसा उस समय हुआ जब ट्रैक्टर-ट्रॉली अपनी सही साइड पर जा रही थी और पीछे से आ रही स्विफ्ट कार का चालक नशे में इतना धुत था कि वह ब्रेक तक नहीं लगा पाया। चरणजीत के अनुसार, जब उन्होंने और अन्य लोगों ने कार सवार युवक को बाहर निकालने की कोशिश की, तो मदद करने के बावजूद वह युवक उनके साथ गाली-गलौज करने लगा। बताया जा रहा है कि कार सवार अमृतसर का रहने वाला है और वह अपने घर की ओर जा रहा था।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *