जालंधर में चालान काटने को लेकर हंगामा:ऑनलाइन चालान पर विवाद, पुलिसकर्मी पर धक्का-मुक्की के आरोप लगे




जालंधर के मॉडल हाउस इलाके में देर रात ऑनलाइन चालान काटने को लेकर पुलिस और एक परिवार के बीच जमकर हंगामा हुआ। कार चालक ने पुलिसकर्मी पर धक्का-मुक्की करने का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताया है। कार चालक चरणजीत सिंह ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ आइसक्रीम खाने के लिए पार्लर आइसक्रीम की दुकान पर गए थे। उनके अनुसार, उन्होंने अभी आइसक्रीम खरीदी भी नहीं थी और गाड़ी में ही बैठे थे। पुलिसकर्मियों की गाड़ी पास आने पर उन्होंने अपनी गाड़ी दुकान के बाहर से हटा ली थी।
पुलिसकर्मी ने बेटी के साथ किया गलत व्यवहार चरणजीत सिंह का दावा है कि कैमरे में पूरी घटना रिकॉर्ड है, लेकिन इसके बावजूद पुलिस ने उनकी चलती गाड़ी की तस्वीर खींचकर ऑनलाइन चालान काट दिया। उन्होंने पुलिसकर्मी पर जानबूझकर चालान काटने और बाद में मौके से चले जाने का आरोप लगाया। चरणजीत ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी ने उनकी बेटी के साथ गलत व्यवहार किया और धक्का-मुक्की की।
परिवार ने मांग की है कि पुलिस को आइसक्रीम की दुकानों के बाहर पार्किंग को लेकर स्पष्ट निर्देश जारी करने चाहिए और दुकानदारों को पार्किंग सुविधा उपलब्ध करानी चाहिए। उनका कहना है कि पुलिस को पहले बिना पार्किंग सुविधा वाले दुकानदारों पर कार्रवाई करनी चाहिए, न कि राहगीरों को परेशान करना चाहिए। घटना के समय सड़क पर कोई ट्रैफिक भी नहीं था। परिवार ने इस मामले को उच्च अधिकारियों के समक्ष उठाने की बात कही है।
गाड़ी सड़क के बीचों-बीच थी खड़ी वहीं, एएसआई तिलकराम ने बताया कि उन्होंने अवैध पार्किंग के लिए ऑनलाइन चालान काटा था। पुलिसकर्मी के अनुसार, गाड़ी सड़क के बीचों-बीच खड़ी थी। जब वे चालान काटने के लिए मौके पर पहुंचे, तो कार चालक गाड़ी को आगे ले जाने लगा, जिसके बाद उसका ऑनलाइन चालान किया गया। एएसआई तिलकराम ने लड़की के साथ गलत व्यवहार करने के आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद बताया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *