जिलाधिकारी की अध्यक्षता में पोषण पखवाड़ा कार्यक्रम आयोजित:मधुबनी में कुपोषण मिटाने, शिशु-मातृ मृत्यु दर घटाने पर जोर




मधुबनी में जिलाधिकारी आनंद शर्मा की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में पोषण पखवाड़ा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस संबंध में जानकारी देते हुए डीपीओ आईसीडीएस ललिता कुमारी ने बताया कि पोषण पखवाड़ा 2026 के अंतर्गत जिले में कुपोषण को समाप्त करने, शिशु और मातृ मृत्यु दर में कमी लाने तथा आम जनमानस को ‘सही पोषण’ के प्रति जागरूक करने के लिए जिला स्तरीय सभी विभागों के पदाधिकारियों के साथ रणनीतिक चर्चा की गई। चर्चा के दौरान अंतर्विभागीय समन्वय के तहत स्वास्थ्य, शिक्षा और पंचायती राज विभाग के बीच बेहतर तालमेल बिठाने पर जोर दिया गया। ग्राम स्तर पर आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से ‘गोद भराई’ और ‘अन्नप्राशन’ जैसे कार्यक्रमों को बड़े स्तर पर आयोजित कर लोगों को जागरूक करने का निर्देश दिया गया। पोषण जन आंदोलन पोर्टल पर शत-प्रतिशत डेटा एंट्री सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही, मीडिया के माध्यम से सभी स्थानीय समाचार पत्रों और न्यूज़ चैनलों को बैठक के महत्वपूर्ण निर्णयों से अवगत कराने तथा सोशल मीडिया (X, Facebook, Instagram) पर #PoshanPakhwada2026 और #SahiPoshanDeshRoshan जैसे हैशटैग के साथ गतिविधियों को साझा करने का भी निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस पखवाड़े को केवल एक औपचारिकता न मानकर एक जन-आंदोलन बनाया जाए। बैठक में उप-विकास आयुक्त सुमन प्रसाद साह, अपर समाहर्ता मुकेश रंजन, सिविल सर्जन हरेंद्र कुमार, जिला पंचायती राज अधिकारी राकेश कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी रामबाबू, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (डीपीओ) ललिता कुमारी सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं अन्य उपस्थित थे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *