जूली बोले- राजस्थान के गौरवशाली-इतिहास को मिटाने पर तुली सरकार:कहा- शिक्षा मंत्री को बर्खास्त करें सीएम, हटाई गई किताबों को फिर स्कूली पाठ्यक्रम में जोड़ें




नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने स्कूली पाठ्यक्रम से राजस्थान इतिहास की चार किताबें हटाए जाने को लेकर सरकार और शिक्षा मंत्री पर निशाना साधा। जूली ने कहा- भाजपा सरकार ने स्कूली पाठ्यक्रम से राजस्थान के इतिहास से जुड़ी किताबें हटाकर विरासत पर हमला दिया है। सरकार की यह मानसिकता राजस्थान की आने वाली पीढ़ी को अपनी जड़ों से काटने का प्रयास है। जूली ने कहा- भाजपा ने राजस्थान के शौर्य और बलिदान के इतिहास का अपमान कर अपना असली चाल, चरित्र और चेहरा उजागर कर दिया है। डबल इंजन सरकार की यह रिवर्स गियर वाली मानसिकता प्रदेश की आने वाली पीढ़ी को अपनी गौरवशाली विरासत से वंचित करने का षड्यंत्र है, जिसे राजस्थान की जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी। जूली ने कहा- इस तरह से प्रदेशवासियों की भावनाओ को ठेस पहुंचाने के लिए सीएम प्रदेश से माफ़ी मांगें और शिक्षा मंत्री को बर्खास्त करें। तुरंत प्रभाव से हमारे गौरवशाली इतिहास को फिर पाठ्यपुस्तकों में शामिल करें। इतिहास मिटाकर पहचान को कुचलने की साजिश नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा- भाजपा की यह डबल इंजन सरकार लगातार राजस्थान के गौरवशाली इतिहास पर प्रहार कर रही है। यह वही धरती है, जिसके कण-कण में साहस, त्याग, बलिदान और वीरता की अमर गाथाएं बसी हैं, जो हमें गर्व, स्वाभिमान और पहचान देती हैं। भाजपा सरकार आज उसी इतिहास को मिटाने की साजिश रच रही है। उन्होंने कहा- पहले वीर बाला काली बाई जैसे प्रेरणादायी अध्याय को पाठ्यपुस्तकों से हटाया गया। इसके बाद राजपूताना के गौरव को गलत ढंग से प्रस्तुत किया गया और अब सुनियोजित तरीके से हमारे समृद्ध इतिहास को ही पुस्तकों से गायब किया जा रहा है। यह राजस्थान की आत्मा और अस्मिता पर हमला है। कहा- राजस्थान की जनता करारा जवाब देगी नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा- सत्ता के अहंकार में चूर भाजपा सरकार को यह समझना चाहिए कि इतिहास के पन्नों को बदलने से गौरवशाली अतीत नहीं मिटाया जा सकता। उन्हाेंने कहा- राजस्थान की अस्मिता से बार-बार खिलवाड़ करने वाले शिक्षा मंत्री को बर्खास्त किया जाए। राजस्थान की जनता अपने गौरवशाली अतीत के साथ हो रहे इस खिलवाड़ को कभी नहीं भूलेगी और भाजपा को इसका करारा जवाब देने के लिए तैयार है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *