टाइगर रिजर्व में भीषण आग:करौली-धौलपुर सीमा पर कई किलोमीटर तक फैली, वन्यजीवों पर खतरा; बचाव में जुटा प्रशासन




करौली और धौलपुर की सीमा से सटे टाइगर रिजर्व वन क्षेत्र में भीषण आग लग गई है। इस आग ने कई किलोमीटर के दायरे में फैलकर बड़े पैमाने पर वन संपदा को नुकसान पहुंचाया है, जिससे वन्यजीवों पर खतरा मंडरा रहा है। प्रशासन और दमकल विभाग आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, करौली-धौलपुर सीमा पर स्थित भेड़े का पुरा गांव के पास टाइगर रिजर्व के जंगल में अचानक आग भड़क उठी। तेज हवाओं के कारण आग तेजी से फैली और देखते ही देखते कई किलोमीटर का क्षेत्र इसकी चपेट में आ गया। इससे कई हेक्टेयर वन क्षेत्र प्रभावित हुआ है और वन संपदा को भारी क्षति पहुंची है।

इस क्षेत्र में लगभग छह बाघों की आवाजाही की सूचना मिली है। आग के कारण इन वन्यजीवों के जीवन पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है। वन विभाग और प्रशासन स्थिति को लेकर पूरी तरह सतर्क हैं। सूचना मिलते ही करौली अग्निशमन केंद्र की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दमकल वाहन चालक सूरज डागर के नेतृत्व में फायरमैन शीशराम गुर्जर, विमलेश माली, लालू गुर्जर, पुष्पेंद्र शर्मा और अक्षय शर्मा ने मोर्चा संभाला। टीम कई घंटों से लगातार आग पर नियंत्रण पाने का प्रयास कर रही है। आग बुझाने के लिए करौली और बाड़ी से दमकल की गाड़ियों के साथ टैंकरों की मदद ली जा रही है। पानी की कमी के कारण मंडरायल रोड से बार-बार टैंकर भरकर लाए जा रहे हैं। इन चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद राहत एवं बचाव कार्य जारी है। फिलहाल, आग को नियंत्रित करने के प्रयासों में तेजी लाई गई है और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *