भोपाल के रापड़िया बाईपास पर बाइक सवार दो युवकों को ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा बुधवार गुरुवार की दरमियानी रात का है। घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे को मामूली चोटे आई है। घटना के समय हादसे में जान गवाने वाला युवक अपने परिजनों के साथ शादी के लिए लड़की देख कर लौट रहा था। ASI अखिलेश कुमार के मुताबिक गेंदालाल आदिवासी (40) लटेरी का रहने वाला था और मजदूरी करता था। वह बुधवार दोपहर रिश्तेदारों के साथ 11 मिल बाईपास पर स्थित एक गांव में शादी के लिए लड़की देखने आया था। देर रात करीब 12:00 बजे लड़की के घर से लटेरी स्थित गांव जाने के लिए रवाना हुआ। भोपाल के कटारा हिल्स में स्थित रापड़िया बाईपास पर सामान से लदे एक ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के समय गेंदालाल बाइक पर पीछे बैठा था। ट्रक की चपेट में आने के बाद उसका एक हाथ काट कर अलग हो गया जबकि सर और सीना बुरी तरह से कुचल गया इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसके साथी को मामूली चोटे आई हैं। कटारा हिल्स पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। टक्कर मारने वाले ट्रक को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा कर लिया गया है। आरोपी चालक को भी हिरासत में ले लिया गया है। गुरुवार दोपहर पीएम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया गया है।
Source link