डूंगरपुर में 12 साइबर ठग गिरफ्तार:टापू से चला रहे थे फर्जी एस्कॉर्ट सर्विस का नेटवर्क, नावों से घेराबंदी कर दबोचा




डूंगरपुर पुलिस ने साइबर ठगी के एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। आसपुर थाना क्षेत्र के सोम कमला आम्बा बांध के बीच एक सुनसान टापू पर छापा मारकर पुलिस ने फर्जी एस्कॉर्ट सर्विस के नाम पर देशभर में ठगी करने वाले 12 शातिर ठगों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान एक बाल अपचारी को भी हिरासत में लिया गया। पुलिस अधीक्षक के अनुसार साइबर सेल को गुप्त सूचना मिली थी कि सोम कमला आम्बा गांव के पास बांध के पेटे में बने एक टापू पर कुछ युवक संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त हैं। इस सूचना के आधार पर ‘ऑपरेशन म्यूल हंटर’ चलाया गया। एसपी के निर्देश पर डीएसटी, आसपुर और दोवड़ा थाने की संयुक्त टीमों ने नावों और निजी वाहनों के जरिए टापू की घेराबंदी की। दबिश के दौरान बबूल के पेड़ों के नीचे बैठकर 10-12 युवक मोबाइल फोन के जरिए लोगों को ठगते हुए पाए गए। जांच में सामने आया कि ये युवक लड़कियों की अश्लील तस्वीरें भेजकर फर्जी एस्कॉर्ट सर्विस का झांसा देते थे और ठगी की रकम फर्जी खातों में जमा करवाते थे। पुलिस ने मौके से आसपुर, साबला और दोवड़ा क्षेत्र के नरेश पाटीदार, गणेश पाटीदार, मेहुल सुथार, प्रकाश पाटीदार, विजय, हितेश, तेजपाल, दिनेश, भावेश और मनीष सहित 12 ठगों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से एक थार कार, 25 स्मार्टफोन, 50 फर्जी सिम कार्ड, 2 डेबिट कार्ड और 10 हजार रुपए नकद जब्त किए गए। ऐसे देते थे ठगी को अंजाम
पूछताछ में सामने आया कि ये आरोपी वेबसाइट्स पर फर्जी ‘एस्कॉर्ट सर्विस’ के विज्ञापन डालते थे। इसके बाद व्हाट्सएप, टेलीग्राम और फेसबुक के माध्यम से अश्लील फोटो भेजकर लोगों को झांसे में लेते थे। झांसे में आए लोगों से ‘एडवांस बुकिंग’ और अन्य शुल्कों के नाम पर फर्जी बैंक खातों में लाखों-करोड़ों रुपए ठगते थे। वही आरोपी ठगी की राशी का उपयोग अपने मौज शोक पूरा करने के लिए करते थे |



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *