तरन तारन में कांग्रेस पार्टी से जुड़े समर्थक और किसान नेता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना जिला तरन तारन के गांव गंडीविंड धत्तल में हुई, जिसने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। आत्मा सिंह को बहाने से बाहर बुलाकर किया हमला मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान आत्मा सिंह पुत्र महिंदर सिंह के रूप में हुई है, जो अपने घर में मौजूद थे। बताया जा रहा है कि दो अज्ञात युवक उनके घर के बाहर पहुंचे और उन्हें किसी बहाने से बाहर बुलाया। जैसे ही आत्मा सिंह अपने घर का दरवाजा खोलकर बाहर आए, पहले से घात लगाए खड़े हमलावरों ने उन पर पिस्टल से ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोलियां लगने से आत्मा सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही थाना चोहला साहिब की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा आसपास के इलाकों में नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। साथ ही, घटनास्थल से सबूत इकट्ठा किए जा रहे हैं और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। हत्या के पीछे कारण अभी साफ नहीं फिलहाल हत्या के पीछे के कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश या आपसी विवाद की आशंका जताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।
Source link