तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराई, वन दरोगा की मौत:बेकाबू कार पेड़ से टकराई, 20 फीट दूर गिरे वन दरोगा; ऑन ड्यूटी मौत




मैनपुरी के बरनाहल थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक सड़क हादसे में वन विभाग के दरोगा की मौत हो गई। इस दुर्घटना में कार में सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और परिजनों को सूचित कर दिया है। मृतक की पहचान 35 वर्षीय विपिन यादव के रूप में हुई है। वे मूल रूप से आगरा जनपद के निवासी थे और वर्तमान में करहल में वन दरोगा के पद पर तैनात थे। जानकारी के अनुसार, विपिन यादव शुक्रवार दोपहर एक निजी कार (होंडा सिटी) से दिहुली से बरनाहल की ओर जा रहे थे। कार में उनके साथ दो अन्य व्यक्ति भी सवार थे। कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया ग्राम इकहरा के पास पहुंचते ही कार अचानक अनियंत्रित हो गई। इसी दौरान सड़क किनारे अपने घर के बाहर बैठे एक बालक को कार ने टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद तेज रफ्तार कार सीधे एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर के बाद विपिन यादव कार का शीशा तोड़ते हुए करीब 20 फीट दूर जा गिरे। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। कार में सवार अन्य दो लोग भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की सहायता से लगभग 20 मिनट तक बचाव अभियान चलाया। घायलों को कार से निकालकर गंभीर हालत में सैफई मेडिकल कॉलेज भेजा गया। घायल बालक को सलूक नगर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *