दमोह जिले के तेंदूखेड़ा में गुरुवार रात एक इलेक्ट्रॉनिक शोरूम की लिफ्ट अचानक नीचे गिर गई। इस हादसे में नगर पालिका के एक कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि शोरूम संचालक के बेटे सहित दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, तेंदूखेड़ा के मुख्य बाजार में प्रहलाद सोनी का दो मंजिला इलेक्ट्रॉनिक शोरूम है। गुरुवार रात नगर पालिका कर्मचारी कमलेश लोधी, बांदीपुरा गांव के देवेंद्र लोधी के साथ शोरूम में खरीदारी करने पहुंचे थे। देवेंद्र के घर में शादी थी। उनके साथ शोरूम संचालक का बेटा भी मौजूद था। तीनों युवक शादी का सामान लेकर लिफ्ट के जरिए ऊपर से नीचे आ रहे थे। तभी अचानक लिफ्ट का संतुलन बिगड़ गया और वह तेज गति से नीचे आ गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में कमलेश लोधी, शोरूम संचालक का छोटा बेटा और देवेंद्र लोधी गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को गंभीर हालत में तेंदूखेड़ा स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जबलपुर रेफर कर दिया गया। जबलपुर में इलाज के दौरान नगर पालिका कर्मचारी कमलेश लोधी की मौत हो गई। अन्य दो घायलों का इलाज जारी है। इस मामले में अभी तक कोई भी फरियादी पुलिस थाने नहीं पहुंचा है, इसलिए पुलिस ने कोई मामला दर्ज नहीं किया है। फरियादी के थाने पहुंचने पर ही पुलिस मामले की आगे की जांच शुरू करेगी।
स्थानीय लोगों के मुताबिक मॉल में लगाई गई लिफ्ट एक लोडिंग लिफ्ट है,जिसका इस्तेमाल सामान ढोने के लिए किया जाना था। बताया जा रहा है इसका उपयोग ग्राहकों को ऊपर-नीचे लाने के लिए किया जा रहा था। शिकायत पर एक्शन लेंगे
तेंदूखेड़ा एसडीओपी अर्चना अहीर ने बताया की रात में उन्हें इस बात की जानकारी नहीं लगी। सुबह थाने से जानकारी मिली है, लेकिन अभी तक कोई भी फरियादी थाने नहीं पहुंचा है। जैसे ही फरियादी थाने पहुंचते हैं मामले में जांच शुरू की जाएगी।
Source link