दरभंगा में गोदावरी गैस एजेंसी का औचक निरीक्षण:कालाबाजारी की आशंका, खाली सिलेंडर बरामद; 24 घंटे के अंदर देना होगा स्पष्टीकरण




दरभंगा जिला प्रशासन घरेलू एलपीजी गैस आपूर्ति को लेकर सख्त है। जिलाधिकारी कौशल कुमार के निर्देश पर शहर के अल्लपट्टी स्थित गोदावरी गैस एजेंसी का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान अनियमितता सामने आई है। उप विकास आयुक्त स्वप्निल और जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी राजेश गुप्ता की संयुक्त टीम ने निरीक्षण किया। इस दौरान पाया गया कि एजेंसी की ओर से लाइसेंस में वर्णित गोदाम के अलावा एक अन्य कक्ष का अवैध रूप से गैस सिलेंडर भंडारण के लिए उपयोग किया जा रहा था। बड़ी संख्या में खाली सिलेंडर पाए गए, जिनके संबंध में एजेंसी संचालक स्पष्ट जानकारी नहीं दे सके। भारी बैकलॉग के बावजूद सिलेंडरों की संदिग्ध डिलीवरी की जा रही है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर सख्त कार्रवाई 4 अप्रैल 2026 को उपभोक्ताओं की संख्या से अधिक सिलेंडरों की डिलीवरी दर्शाई गई। जिससे कालाबाजारी की आशंका जताई गई है। इसके अलावा उपभोक्ताओं को समय पर गैस आपूर्ति नहीं मिलने की शिकायतें भी मिलीं। निरीक्षण में यह भी पाया गया कि गोदाम परिसर में गैस स्टॉक एवं मूल्य से संबंधित अनिवार्य सूचनाएं प्रदर्शित नहीं की गई थीं। उपभोक्ताओं की शिकायतों के निष्पादन में भी एजेंसी द्वारा लापरवाही बरती जा रही थी। डिलीवरी का मैसेज मिलने के बावजूद सिलेंडर नहीं पहुंचाया गया। इन सभी अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी कौशल कुमार ने एजेंसी संचालक को 24 घंटे के अंदर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर एजेंसी का लाइसेंस रद्द करते हुए प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। जिले में गैस की पर्याप्त उपलब्धता, अफवाहों से बचने की अपील जिला आपूर्ति पदाधिकारी सुरेश कुमार और उप निदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद ने बताया कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है। बुधवार को कुल 9,432 एलपीजी सिलेंडरों का वितरण किया गया, जिसमें दरभंगा सदर में 6,979, बेनीपुर में 1,212 और बिरौल में 1,241 सिलेंडर शामिल है। वर्तमान में जिले के अलग-अलग एजेंसियों के गोदामों में कुल 13,117 सिलेंडर उपलब्ध हैं। 9 अप्रैल को करीब 13,454 सिलेंडरों की आपूर्ति होने की संभावना है, जबकि 26,571 सिलेंडरों के वितरण का लक्ष्य रखा गया है। उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए होम डिलीवरी सेवा जारी है। बुकिंग के 1 से 2 दिनों के अंदर गैस उपलब्ध कराई जा रही है। शिकायतों के समाधान के लिए जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष (06272-245055) भी संचालित है। अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से गैस सिलेंडरों का भंडारण न करें। कालाबाजारी और जमाखोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *