दरभंगा के बिरौल थाना क्षेत्र में गुरुवार देर शाम दो समुदायों के बीच हिंसक झड़प हो गई। मामूली विवाद ने देखते ही देखते उग्र रूप ले लिया।दोनों पक्षों के बीच जमकर रोड़ेबाजी हुई। जिसमें बच्चे समेत 5-6 लोग घायल हो गए। मामले की जानकारी मिलते ही एसडीपीओ बिरौल प्रभाकर तिवारी और एसडीएम शशांक राज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति को नियंत्रित किया। इलाके में फिलहाल शांति है, लेकिन तनाव बना हुआ है। घटना सुपौल पंचायत क्षेत्र के मकसुदनपुर गांव की है। छह थानों की पुलिस कर रही कैंप मामले की गंभीरता को देखते हुए बिरौल, बड़गांव, घनश्यामपुर, जमालपुर, कुशेश्वरस्थान और तिलकेश्वर पुलिस मौके पर कैंप कर रही है। करीब 100 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। दंगा नियंत्रण वाहन भी मौके पर मौजूद है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके। मामूली टक्कर से शुरू हुआ विवाद प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बाइक से हल्की टक्कर लगने के बाद विवाद शुरू हुआ। इसको लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जो धीरे-धीरे बढ़कर सामुदायिक तनाव में बदल गई। बात इतनी बढ़ गई कि कुछ ही देर में दोनों ओर से रोड़ेबाजी होने लगी। दोनों पक्षों के लोग घायल घायलों में एहसान बख्खो (2.5), तनवीर (10), अब्दुल (22), परवेज (27) शामिल है। इसमें से 2 की हालत गंभीर है। वहीं, दूसरे पक्ष से बिशो सहनी (60) समेत कई लोग घायल हुए हैं। सभी को इलाज के लिए अस्पताल में एडमिट कराया गया है। अफवाहों से बचने की अपील एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी ने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है। उपद्रवियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया गया है। फिलहाल गांव में पुलिस कैंप कर रही है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। अधिकारियों के अनुसार, घटना के शुरुआती दौर में रोड़ेबाजी हुई थी, लेकिन पुलिस के त्वरित हस्तक्षेप से मामला शांत करा लिया गया।
Source link