लुधियाना में थाना डिवीजन नंबर-6 के तत्कालीन प्रभारी विवादों में आ गए हैं। चिकन शॉप के मालिक ने उन पर थाने में थर्ड डिग्री देने के आरोप लगाए हैं। उसने बताया कि एसएचओ अपने जूनियर मुलाजिमों के साथ दुकान पर आए और उसे थाने ले गए। वहां ले जाकर उसे नंगा कर प्राइवेट पार्ट में करंट लगाया। चिकन शॉप मालिक ने कहा कि थाने में सभी ने मिलकर उसको जमकर पीटा। यहां तक कि उसके सिर से पगड़ी तक उतार दी। फिर कई बार घसीटा गया। इसके बाद बड़ी मुश्किल से उसके परिजन आए और उन्होंने उसकी जमानत करवाई। अब हालात ये हैं कि वह पांच दिन से बिस्तर पर पड़ा है और एक आंख से धुंधला दिख रहा है। परिवार के कहने पर उसने एसएचओ के खिलाफ सीनियर अधिकारियों के साथ-साथ पंजाब ह्यूमन राइट कमीशन को लिखित में शिकायत दी है। शिकायत मिलने के बाद अधिकारियों ने एसएचओ को लाइन हाजिर कर दिया है और इस मामले की जांच शुरू कर दी। उधर, तत्कालीन एसएचओ ने कहा कि चिकन शॉप मालिक झूठ बोल रहा है और वो अपनी दुकान पर लोगों को शराब पिलाता है। उसे बार-बार चेतावनी दी जा रही थी पर वो नहीं माना। तीन अप्रैल को कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया गया था। लेकिन टॉर्चर नहीं किया। पहले जानिए चिकन शॉप मालिक पर FIR में क्या लिखा… अवैध तरीके से शराब पिलाते किया गिरफ्तार
दरअसल, सरबजीत सिंह बिंद्रा निरंकारी मोहल्ला मिलरगंज के पास चिकन कॉर्नर चलाता है। साथ ही शराब का ठेका है। पुलिस ने FIR में लिखा कि सरबजीत सिंह चिकन कॉर्नर की आड़ में अवैध तरीके से शराब पिलाता है और उसे शराब पिलाते हुए गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसी रात उसके खिलाफ एक्साइज एक्ट के तहत पर्चा दर्ज किया। सूचना के आधार पर की छापेमारी
पुलिस ने एफआईआर में लिखा कि उन्हें सूचना मिली थी कि चिकन कॉर्नर के बाहर बिना लाइसेंस के शराब पिलाई जा रही है। जब पुलिस ने रेड की तो सरबजीत सिंह और एक अन्य दुकान के मालिक मनवीर सिंह को गिरफ्तार किया। सरबजीत ने बताई पूरी कहानी… पत्नी बोली- CCTV फुटेज चेक करें सीनियर अफसर
सरबजीत सिंह की पत्नी रवनीत कौर ने कहा कि पुलिस के सीनियर अधिकारियों को चाहिए कि थाने का सीसीटीवी फुटेज चेक करवाएं। थर्ड डिग्री टॉर्चर जहां किया, वहां कैमरा नहीं होगा हमें पता है। लेकिन थाने के बाकी जगहों पर कैमरें जरूर होंगे। जिससे पता चल जाएगा कि पुलिस ने सरबजीत के साथ कैसे व्यवहार किया है। पत्नी ने कहा कि प्रशासन से हमें इंसाफ की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि इस मामले की शिकायत पुलिस कमिश्नर, पंजाब राज्य मानवाधिकार आयोग व मुख्यमंत्री को भी भेज चुके हैं। SHO बोले- आरोप बेबुनियाद, टॉर्चर नहीं किया
लाइन हाजिर एसएचओ विजय कुमार ने सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया है। उनका कहना है कि सरबजीत सिंह काफी समय से अपनी दुकान में लोगों को अवैध रूप से शराब पिलाता था। कुछ दिन पहले भी उसे चेतावनी देकर छोड़ा गया था। घटना वाली रात दोबारा सूचना मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया। एसएचओ का कहना है कि पुलिस पर लगाए गए थर्ड डिग्री के आरोप सरासर गलत है। ACP विर्क बोले- मामले की जांच जारी
ACP सतविंदर विर्क का कहना है कि एसएचओ के खिलाफ शिकायत मिली हैं। उन्हें फिलहाल प्रबंधकी तौर पर SHO विजय कुमार मसीह को पुलिस लाइन भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। इस केस में कोई अन्य भी आरोपी पाया जाता है तो उसे भी जांच में शामिल किया जाएगा और उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। निहंग मदद के लिए घर पहुंचे
उधर, सरबजीत सिंह की मदद के लिए निहंगों का जत्था भी उनके घर पहुंचा। निहंग कुलदीप सिंह खालसा ने कहा कि अगर पुलिस ने सरबजीत सिंह को न्याय नहीं दिया तो निहंग सिंह पुलिस के खिलाफ मोर्चा खोलेंगे। उनका कहना है कि पुलिस को किसी पर भी थर्ड डिग्री का इस्तेमाल करने का हक नहीं है। अगर कोई कानून तोड़ता है तो उसे कानून के हिसाब से सजा दी जाए।
Source link