जमुई जिले के गिद्धौर-झाझा मुख्य मार्ग पर शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बनझुलिया गांव के समीप एक दूध गाड़ी और हाईवा की आमने-सामने की टक्कर में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में दूध गाड़ी का चालक भी शामिल है, जिसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। समस्तीपुर से सुधा दूध लेकर झारखंड के देवघर जा रही दूध गाड़ी जैसे ही बनझुलिया गांव के पास पहुंची, सामने से आ रहे तेज रफ्तार हाईवा से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में दूध वाहन पर सवार चालक मोहम्मद मुख्तार, उपचालक मोहम्मद मुबारक और कर्मी संजीत साव गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने हाईवा चालक को किया गिरफ्तार घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हाईवा चालक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टर मृत्युंजय पंडित ने प्राथमिक उपचार के बाद चालक मोहम्मद मुख्तार की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया। हादसे के कारण सड़क पर करीब दो घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। बाद में क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाया गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। गिद्धौर थाना अध्यक्ष राशि मलिक ने बताया कि मामले की जानकारी ली जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Source link