धार में देवकृष्ण हत्याकांड के बाद न्याय की गुहार:मुख्य आरोपी फरार, परिजनों की फांसी और बुलडोजर कार्रवाई की मांग




धार जिले के राजोद थाना क्षेत्र के ग्राम गोंदीखेड़ा चारण में हुए देवकृष्ण पुरोहित हत्याकांड के बाद परिजनों ने न्याय की गुहार लगाई है। इस मामले का मुख्य आरोपी अभी भी फरार है। गुरुवार को देवकृष्ण की मां लक्ष्मीबाई और बहन भाजपा जिला कार्यालय पहुंचीं। उन्होंने जिला अध्यक्ष निलेश भारती से मुलाकात कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। भाजपा जिला अध्यक्ष निलेश भारती ने परिजनों को हर संभव मदद और न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। मृतक की मां लक्ष्मीबाई ने बताया कि देवकृष्ण परिवार का एकमात्र सहारा था। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बहू का संबंध उसके जीजा कमलेश से था, और इसी अवैध संबंध के कारण सुनियोजित तरीके से उनके बेटे की हत्या की गई। लक्ष्मीबाई के अनुसार, देवकृष्ण जब डेढ़ वर्ष का था, तभी उसके पिता का निधन हो गया था। परिवार ने उसे कठिन परिस्थितियों में पाला था। परिजनों ने प्रशासन से हत्याकांड में शामिल तीनों आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग की है। उन्होंने आरोपियों के मकानों पर बुलडोजर कार्रवाई की भी अपील की। मृतक की बहन ज्योति की शादी 20 अप्रैल को तय थी, लेकिन भाई की हत्या के बाद परिवार सदमे में है। परिजनों ने शासन-प्रशासन से तत्काल आर्थिक सहायता और परिवार की बेटी ज्योति को सरकारी नौकरी देने की मांग की है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *