नवादा जिले के रजौली में सोमवार को शराब से लदी एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो पलट गई। यह घटना रजौली चेकपोस्ट के पास एनएच-20 ब्रिज पर हुई। हादसे के बाद तस्कर वाहन छोड़कर फरार हो गए, हालांकि पुलिस ने मौके से 648 लीटर अवैध शराब जब्त की है। जानकारी के अनुसार, झारखंड से शराब की खेप लेकर आ रही स्कॉर्पियो (BR01JP3789) रजौली चेकपोस्ट से बिना जांच के गुजरने में सफल रही। रजौली बीएसएनएल टावर के सामने एनएच-20 ब्रिज पर पहुंचते ही चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और स्कॉर्पियो सड़क पर ही पलट गई। चश्मदीदों ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन करीब 100 फीट तक घिसटता रहा। तस्करों को अपनी गाड़ी में बैठाया और मौके से फरार हो गए दुर्घटना के तुरंत बाद, स्कॉर्पियो के साथ चल रहे एक अन्य वाहन ने घायल चालक और अन्य तस्करों को अपनी गाड़ी में बैठाया और मौके से फरार हो गए। पुलिस के पहुंचने से पहले ही शराब माफिया अपने साथियों को सुरक्षित निकालने में कामयाब रहे। क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए थे। एसडीपीओ गुलशन कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर रणजीत कुमार के नेतृत्व में एसआई सचिन कुमार, एएसआई सत्यदेव प्रसाद, एएसआई अमित कुमार वर्मा एवं एएसआई के. के. झा सहित पुलिस बल को घटनास्थल पर भेजा गया। पुलिस ने दर्जनों कार्टूनों में बंद 180 एमएल वाली जैक फोर्ड और ग्लैन मैक ब्रांड की कुल 648 लीटर शराब जब्त की है। दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को सड़क से हटाकर किनारे कर दिया गया थानाध्यक्ष रणजीत कुमार ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को सड़क से हटाकर किनारे कर दिया गया है। पुलिस ने इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और फरार वाहन तथा तस्करों की तलाश में गहन जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
Source link